logo

रणबीर की रामायण पर रोक लगाने के लिए झारखंड हाईकोर्ट में PIL दाखिल, इन प्रसंगों पर आपत्ति

रणबीर की रामायण पर रोक लगाने के लिए झारखंड हाईकोर्ट में PIL दाखिल, इन प्रसंगों पर आपत्ति

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

नमित मल्होत्रा द्वारा निर्मित और नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी रामायण फिल्म पर रोक लगाने और उसके विवादित अंश को हटाने की मांग को लेकर झारखंड हाईकोर्ट में पीआईएल दाखिल किया गया है। संतोष कुमार की ओर से अधिवक्ता संतोष कुमार सोनी ने यह याचिका दाखिल की है। याचिका में दावा किया गया है कि रणबीर कपूर, यश और साईं पल्लवी स्टारर रामायण में कई दृश्य विवादित हैं। याचिकाकर्ता ने विवादित अंश को हटाकर फिल्म प्रदर्शित करने की मांग की है। मांग की गई है कि जब तक विवादित दृश्य नहीं हटाए जाते, तब तक फिल्म के प्रदर्शन पर रोक लगाई जाए। 

याचिकाकर्ता को किन प्रसंगों पर है आपत्ति
याचिका में मांग की गई है कि फिल्म में केवल वाल्मिकी रामायण के अनुरूप ही कहानी दिखाई जाए। याचिका में यह भी मांग की गई है कि फिल्म में भगवान राम की छवि धूमिल करने के लिए मुआवजे के तौर पर फिल्म की कुल कमाई का 50 फीसदी हिस्सा अयोध्या श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को दी जाए। अधिवक्ता संतोष कुमार सोनी ने बताया कि फिल्म रामायण में महारानी केकैयी द्वारा राजा दशरथ से मांगे गए वरदान के तहत भगवान राम को 14 साल का वनवास और भरत को राजगद्दी मिलने को जो प्रसंग दिखाया गया है, उसमें लक्ष्मण का व्यवहार रघुकुल की मर्यादा और रीति के अनुरूप नहीं है। 

कथित तौर पर रावण को तरजीह देने का आरोप
इस याचिका में लक्ष्मण द्वारा शूर्पनखा की नाक काटे जाने के दृश्य पर माता सीता द्वारा विरोध जताए जाने को भी याचिका  में अतार्तिक और गलत बताया गया है। भगवान राम द्वारा भी शूर्पनखा की नाक काटने के कृत्य को गलत ठहराना और भगवान राम, माता सीता और लक्ष्मण को भागते दिखाना अनुचित है, ऐसा याचिका में कहा गया है। याचिकाकर्ता का तर्क है कि वाल्मिकी रामायण में कहीं भी भगवान राम को भागते नहीं दिखाया गया है, बल्कि वह तो बिलकुल साहसी योद्धा थे। फिल्म के एक दृश्य में सोने का हिरण देख माता सीता के मुंह से राम का उच्चारण भी गलत है, ऐसा याचिकाकर्ता का तर्क है। याचिकाकर्ता का तर्क है कि इस फिल्म में राम से ऊपर रावण को दिखाया गया है, और उसे ही फिल्म में लीड भूमिका की तरह प्रदर्शित किया गया है। 

नई वाली रामायण में किसने क्या भूमिका निभाई है!
गौरतलब है कि नमित मल्होत्रा द्वारा निर्मित और नितेश तिवारी द्वारा निर्देशित रामायण में भगवान राम की भूमिका रणबीर कपूर ने निभाई है। रबि दुबे लक्ष्मण बने हैं जबकि माता सीता का किरदार दक्षिण भारतीय फिल्मों की मशहूर अभिनेत्री साईं पल्लवी ने निभाया है। रामानंद सागर की रामायण में राम बने अरुण गोविल यहां राजा दशरथ बने हैं, जबकि लारा भूपति ने केकैयी का किरदार अदा किया है। रकुलप्रीत सिंह शूर्पनखा बनी हैं तो वहीं काजल अग्रवाल ने मंदोदरी की भूमिका निभाई है।

टीवीएफ की लोकप्रिय वेबसीरीज पंचायत में प्रह्लाद चा का किरदार निभाने वाले फैसल मलिक यहां कुंभकर्ण की भूमिका में हैं। 

Tags - Jharkhand High CourtRamayanaPIL Against RamayanaJharkhand News