गिरिडीह
आज गिरिडीह की जनता जब गाड़ियों में तेल भराने निकली, तो उनका स्वागत 'पेट्रोल के लिए क्षमा करें' लिखे बोर्डों ने किया। वहीं 101.65 रुपये प्रति लीटर पेट्रोल और 96.45 रुपये डीजल की रिकॉर्ड कीमतों के बीच अब गिरिडीह में ईंधन की भारी किल्लत ने आम जनता की परेशानी और बढ़ा दी है। शुक्रवार सुबह से ही शहर के अधिकांश पंपों पर वाहनों की लंबी कतारें देखी जा रही हैं। हाल के दिनों में तेल की कीमतों में करीब 3 रुपये का उछाल आया है, जिसके बाद अब सीमित आपूर्ति ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है। सीमित आपूर्ति के कारण कई पेट्रोल पंपों पर तेल खत्म हो गया, जबकि कुछ पंपों पर सीमित मात्रा में ही पेट्रोल-डीजल दिया जा रहा है।

सीमित आपूर्ति से वाहन चालकों की बढ़ी मुश्किलें
शहर के डालमिया पेट्रोल पंप पर पेट्रोल और डीजल समाप्त होने के कारण पंप को अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा। वहीं, अन्य कई पंपों पर कार चालकों को तय सीमा तक ही तेल दिया जा रहा है। लगातार बढ़ती परेशानी के बीच लोगों ने प्रशासन से जल्द नियमित आपूर्ति बहाल करने और स्थिति सामान्य करने की मांग की है।
