साहिबगंज
साहिबगंज जिले के बोरियो और बरहेट प्रखंड में कथित पेंशन भुगतान घोटाले का मामला सामने आने के बाद प्रशासनिक महकमे में हलचल तेज हो गई है। बुधवार सुबह से ही दोनों प्रखंडों के कार्यालयों में जांच को लेकर गहमागहमी का माहौल बना रहा। बोरियो प्रखंड कार्यालय में उप विकास आयुक्त (डीडीसी) सतीश चंद्र, अपर समाहर्ता गौतम कुमार और जिला पंचायती राज पदाधिकारी अनिल कुमार स्वयं पहुंचे और जांच कार्य की निगरानी की। अधिकारियों की मौजूदगी से पूरे कार्यालय में अफरा-तफरी की स्थिति देखी गई। जांच टीम द्वारा पेंशन योजना से जुड़े लाभुकों के रिकॉर्ड, भुगतान विवरण, बैंकिंग दस्तावेज, तकनीकी अभिलेख और अन्य महत्वपूर्ण कागजातों की गहन जांच की जा रही है। संबंधित कर्मचारियों से एक-एक दस्तावेज मंगवाकर उसका सत्यापन कराया जा रहा है। इसके साथ ही पुराने रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं ताकि कथित अनियमितताओं की वास्तविकता सामने आ सके।

कंप्यूटर ऑपरेटरों से भी पूछताछ की संभावना
इसी तरह बरहेट प्रखंड कार्यालय में भी जांच को लेकर लगातार गतिविधियां तेज रहीं। कर्मचारियों को सभी आवश्यक दस्तावेज तुरंत उपलब्ध कराने और अभिलेखों को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए हैं। सूत्रों के अनुसार, जांच टीम यह पता लगाने में जुटी है कि पेंशन भुगतान में कथित गड़बड़ी किस स्तर पर हुई और इसमें किन-किन लोगों की भूमिका हो सकती है। वहीं बताया जा रहा है कि दोनों प्रखंडों के कंप्यूटर ऑपरेटरों से भी पूछताछ की संभावना है। मामले की जांच तकनीकी और दस्तावेजी दोनों पहलुओं से बारीकी से की जा रही है। हालांकि अधिकारी जांच पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर बोलने से बच रहे हैं। गौरतलब हो कि शिकायत मिलने के बाद जिला प्रशासन ने संदिग्ध लाभुकों के पेंशन भुगतान पर पहले ही रोक लगा दी थी और डीडीसी के नेतृत्व में उच्चस्तरीय जांच शुरू की गई थी। अब वरिष्ठ अधिकारियों की सीधी निगरानी में जांच प्रक्रिया आगे बढ़ रही है। जांच में दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और पूरे मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल बोरियो और बरहेट प्रखंडों में इस जांच को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है।
