पलामू
पलामू जिले के एनएच-39 पर गाड़िगांव स्थित बढ़का बिटा टोला के पास शनिवार को एक तेज रफ्तार कार और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक और कार दोनों बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

दोनों की स्थिति गंभीर
हादसे के तुरंत बाद कार चालक वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को उठाकर सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। दोनों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। मौके से बरामद कागजात के आधार पर कार मालिक की पहचान जोगेंद्र के रूप में हुई है, जो बोकारो जिले के बेरमो थाना क्षेत्र अंतर्गत सुभाष नगर का निवासी बताया जा रहा है।
