पलामू
भारत सरकार के यूनिक आइडेंटिफिकेशन अथॉरिटी ऑफ इंडिया (UIDAI) द्वारा निर्धारित नवीन नियमावली एवं तकनीकी प्रक्रियाओं के तहत जिले के आधार ऑपरेटरों को आधुनिक “यूनिवर्सल क्लाइंट” के माध्यम से आधार नामांकन एवं अद्यतन की विस्तृत जानकारी दी गई। उप विकास आयुक्त सभागार में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम को उदय प्रताप सिंह, जिला परियोजना पदाधिकारी, UIDAI, पलामू के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। इसमें जिले के सभी प्रखंडों से नामित आधार सुपरवाइजर एवं ऑपरेटरों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान नवीन नामांकन प्रक्रिया की चरणबद्ध जानकारी, पूर्व में बने आधार कार्ड के अद्यतन की मानक प्रक्रिया, यूनिवर्सल क्लाइंट सॉफ्टवेयर के प्रयोग में सावधानियाँ एवं तकनीकी बिंदु, दस्तावेज सत्यापन, बायोमैट्रिक सत्यापन तथा ऑपरेटर लॉग मॉनिटरिंग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष बल दिया गया।
सटीक आधार सेवा के लिए ऑपरेटरों का संकल्प
उदय प्रताप सिंह ने कहा कि “नागरिकों की पहचान को सुरक्षित, सटीक और अद्यतन बनाए रखना हम सभी की प्राथमिक जिम्मेदारी है। हर आधार ऑपरेटर को यह सुनिश्चित करना होगा कि कोई भी त्रुटिपूर्ण या अपूर्ण नामांकन अथवा अपडेट न हो। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम जिले में आधार सेवाओं की गुणवत्ता को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा। प्रशिक्षण में शामिल सभी ऑपरेटरों ने प्राप्त जानकारी को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर विभिन्न आधार ऑपरेटर उपस्थित रहे।