logo

गढ़वा में घरेलू गैस की ऑनलाइन बुकिंग बंद, पुलिस सुरक्षा के बीच हो रहा वितरण

तोोत4.jpg

द फॉलोअप डेस्क
गढ़वा शहर में घरेलू गैस की ऑनलाइन बुकिंग अब बंद हो गई है। अब उपभोक्ता गैस बुक करने के लिए एजेंसी द्वारा दिए गए नंबर पर फोन कर रहे हैं। शहर के ब्लॉक के पास स्थित इंडियन गैस कार्यालय और गोदामों में भारी भीड़ उमड़ रही है। इस स्थिति के कारण वितरक ने जिला प्रशासन से पुलिस सुरक्षा की मांग की, क्योंकि लोग अब मारपीट पर उतर रहे हैं। पुलिस सुरक्षा के बीच ही अब गैस का कागजी काम और वितरण किया जा रहा है। उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि उन्हें समय पर गैस नहीं मिल रही है और कुछ लोग गैस का कालाबाजारी भी कर रहे हैं। वहीं गैस एजेंसी के वितरक अरविंद तूफानी ने कहा कि नियम के अनुसार आए उपभोक्ताओं को कोई समस्या नहीं है। नियम के विरुद्ध गैस लेने वाले ही दिक्कत में हैं। उन्होंने कहा, "हमारे पास गैस की कमी नहीं है, थोड़ी दिक्कत है, इसलिए पुलिस सुरक्षा मांगी गई है। इसके बाद सब सामान्य हो जाएगा।"


पूर्व मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने इस मामले पर प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि पदाधिकारी और अनुमंडल पदाधिकारी गैस की व्यवस्था के लिए ठोस पहल करें। उन्होंने कहा कि वर्तमान में अनुमंडल पदाधिकारी केवल फोटो खिंचवाने और नेताओं की तरह भाषण देने में व्यस्त हैं। गढ़वा के डीसी दिनेश यादव ने कहा कि जिले में गैस और पेट्रोल की कोई कमी नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि जो लोग जमाखोरी करते हैं या ऊंचे दामों पर बेचने की सूचना मिलती है, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।