द फॉलोअप डेस्क
भारत सरकार द्वारा प्रस्तावित भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत मकान सूचीकरण और मकानों की गणना कार्य को सुचारू और व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को पाकुड़ के सूचना भवन सभागार में जिला एवं चार्ज स्तर के जनगणना पदाधिकारियों और तकनीकी सहायकों के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण सत्र का शुभारंभ किया गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 13 मार्च से 15 मार्च तक चलेगा। प्रशिक्षण के दौरान जनगणना कार्य से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई। अधिकारियों को मकान सूचीकरण, भवनों की पहचान, परिवारों का वर्गीकरण, डेटा संकलन की प्रक्रिया, डिजिटल माध्यम से सूचनाओं का संधारण और जनगणना से जुड़े प्रपत्रों के सही उपयोग के संबंध में अवगत कराया गया।
इस अवसर पर उपायुक्त सह प्रधान जनगणना पदाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि जनगणना देश की सबसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक प्रक्रियाओं में से एक है, जिसके आधार पर सरकार विभिन्न योजनाओं और नीतियों का निर्माण करती है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को इस कार्य को गंभीरता, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ संपन्न करने का निर्देश दिया। इस बार जनगणना प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से संचालित की जाएगी, जिससे डेटा संकलन और प्रबंधन और अधिक संवेदनशील हो गया है। उपायुक्त ने पदाधिकारियों से कहा कि प्रशिक्षण के दौरान उत्पन्न होने वाली शंकाओं का समाधान अवश्य करें, ताकि वास्तविक कार्य में किसी प्रकार की कठिनाई न आए।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जनगणना कार्य से संबंधित सभी निर्देश, प्रपत्र और दिशा-निर्देशों का नियमित अध्ययन करें और समय-समय पर उनकी समीक्षा करें, ताकि कार्य में किसी प्रकार की त्रुटि न हो। उन्होंने नगर क्षेत्रों में आउटग्रोथ एरिया के सही सीमांकन पर विशेष ध्यान देने का भी निर्देश दिया, ताकि कोई भी परिवार या क्षेत्र जनगणना प्रक्रिया से वंचित न रहे। प्रशिक्षण सत्र में राज्य के सहायक निदेशक, जनगणना कार्य निदेशालय, रांची राम भास्कर द्विवेदी और जिला समन्वयक सरोज कुमार ने प्रशिक्षण प्रदान किया। प्रशिक्षण के प्रथम चरण में हाउस लिस्टिंग ब्लॉक (HLB) के गठन और CMMS पोर्टल पर आईडी निर्माण के बाद सुपरवाइजर एवं प्रगणकों को HLB आवंटित करने की प्रक्रिया के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। HLB निर्धारण के लिए पोर्टल पर ऑनलाइन प्रविष्टि की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया गया। इस अवसर पर जिला जनगणना सह नोडल पदाधिकारी जेम्स सुरीन, अपर जिला जनगणना पदाधिकारी चंद्रजीत खलखो सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी, मास्टर ट्रेनर, जिला एवं चार्ज स्तर के जनगणना पदाधिकारी और तकनीकी सहायक उपस्थित थे।
.jpeg)