द फॉलोअप डेस्क
रांची के लोअर बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत रमजान कॉलोनी में अपने ससुराल में रह रही नवविवाहिता सजबीन परवीन का शव उसके कमरे से संदिग्ध अवस्था में बरामद किया गया। घटना की जानकारी मिलते ही मायके पक्ष के लोग रांची पहुंचे और जमकर हंगामा किया। इस दौरान मायके और ससुराल पक्ष के बीच मारपीट की स्थिति भी उत्पन्न हो गई। सूचना मिलने पर लोअर बाजार थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया है कि सजबीन परवीन को ससुराल में लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। उस पर मायके से संपत्ति में हिस्सा लाने और अलग-अलग समय पर पैसों की मांग का दबाव बनाया जाता था।

परिजनों का आरोप है कि मांग पूरी नहीं होने पर ससुराल वालों ने उसकी हत्या कर मामले को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की। लोअर बाजार थाना प्रभारी रणविजय शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आत्महत्या का समय सोमवार रात करीब 8 बजे का बताया जा रहा है, लेकिन इसकी सूचना पुलिस को रात लगभग 2 बजे दी गई। सूचना देने में हुई देरी को देखते हुए मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है, इसलिए पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों बिंदुओं पर जांच कर रही है।