logo

जमशेदपुर करनडीह चौक पर विधायक संजीव सरदार ने ट्रैफिक सिग्नल का किया शुभारंभ, जाम से मिलेगा निजात

जदूको2.jpg

द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर के करनडीह चौक पर वर्षों से लंबित ट्रैफिक सिग्नल का गुरुवार को विधिवत शुभारंभ किया गया। पोटका विधानसभा क्षेत्र के विधायक संजीव सरदार ने पूजा-अर्चना के बाद ट्रैफिक लाइट को स्विच ऑन कर इसका उद्घाटन किया। ट्रैफिक सिग्नल के शुरू होने से क्षेत्रवासियों को जाम की समस्या से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। यह बहुप्रतीक्षित मांग विधायक संजीव सरदार के निरंतर प्रयासों से पूरी हो सकी है। ट्रैफिक सिग्नल के संचालन से करनडीह चौक की यातायात व्यवस्था अब अधिक सुचारु, सुरक्षित और व्यवस्थित हो सकेगी।


हजारों लोगों को मिलेगी राहत, जाम से होगा निजात
करनडीह क्षेत्र में बढ़ते ट्रैफिक दबाव और बार-बार लगने वाले जाम से स्थानीय नागरिक, स्कूली बच्चे, मजदूर और राहगीर लंबे समय से परेशान थे। ट्रैफिक सिग्नल चालू होने से न केवल यातायात जाम की समस्या कम होगी, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी घटेगी। इससे आम लोगों के समय की बचत होगी और रोज़मर्रा का आवागमन आसान होगा। शुभारंभ के अवसर पर विधायक संजीव सरदार ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान करना उनका मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने बताया कि करनडीह ट्रैफिक सिग्नल स्थानीय लोगों की लंबे समय से चली आ रही जायज़ मांग थी।


उन्होंने कहा कि इसी मार्ग से प्रतिदिन हजारों मजदूर टाटा कंपनी में काम करने जाते हैं, जबकि सैकड़ों छात्र-छात्राएं पढ़ाई के लिए शहर की ओर आवागमन करते हैं। ट्रैफिक सिग्नल शुरू होने से अब उन्हें घंटों जाम में फँसना नहीं पड़ेगा। आगे भी पोटका विधानसभा क्षेत्र में जनसुविधा से जुड़े विकास कार्य लगातार किए जाते रहेंगे। इस मौके पर बहादुर किस्कु, जगत मार्डी, संतु कर्मकार, देवजीत मुखर्जी, नीता सरकार, मुखिया सरस्वती टुडू, मुखिया कानू मुर्मू, सरोज मंडल, दीपक पाल सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, बुद्धिजीवी वर्ग और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।