द फॉलोअप डेस्क:
डुमरी विधायक जयराम महतो ने हजारीबाग और बोकारो में पुलिस विभाग से जुड़े ट्रेजरी स्कैम केस की सीबीआई जांच की मांग की है. जयराम महतो ने कहा कि घोटाला उस विभाग में हुआ है जिनपर राज्य की सुरक्षा और शांति की जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार रोकने का काम भी पुलिस के जिम्मे है, लेकिन विभाग खुद इसमें लिप्त है. डुमरी विधायक ने कहा कि प्रदेश को भ्रष्टाचार, दीमक की तरह खाये जा रहा है. उन्होंने कहा कि शायद राज्य के मुखिया तक यह बातें नहीं पहुंच पा रही है. जयराम महतो ने कहा कि विद्यार्थियों को स्कॉलरशिप नहीं मिली और जनता त्राहिमाम कर रही है.
जयराम महतो ने कहा कि झारखंड में कोई ऐसा सरकारी दफ्तर नहीं जहां भ्रष्टाचार पांव फैलाए ना बैठा हो. लोकभवन और मुख्यमंत्री आवास की मरम्मती तक में लाखों का घोटाला होता है.
जयराम महतो ने क्यों कही राहत इंदौरी की शायरी
मशहूर शायर राहत इंदौरी की इन पंक्तियों को, कि "लगेगी आग तो आएंगे और घर भी जद में, यहां सिर्फ हमारा मकान थोड़ी है", उद्धृत करते हुए विधायक जयराम महतो ने कहा कि कोई भी बड़ा संकट साझा जिम्मेदारी और इसके परिणामों की चेतावनी देता है. जयराम महतो ने कहा कि लालू यादव ने कभी कल्पना नहीं की होगी कि वह पशुपालन घोटाला केस में अभियुक्त हो जाएंगे और उनका सियासी भविष्य संकट में पड़ जाएगा.
मुख्यमंत्री करप्शन के खिलाफ ठोस एक्शन लें!
डुमरी विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री को भ्रष्टाचार के मामलों में गंभीर होना चाहिए. उनको ट्रेजरी स्कैम केस में त्वरित संज्ञान लेते हुए भ्रष्टाचार के खिलाफ ठोस और प्रभावी कदम उठाना चाहिए. उनको शासन व्यवस्था में नागरिकों का विश्वास बहाल करना होगा.
जयराम महतो ने ट्रेजरी घोटाला केस को गंभीर करप्शन का मामला बताते हुए इसकी सीबीआई जांच की मांग की. उन्होंने झारखंड पुलिस को भक्षक की संज्ञा देते हुए कहा कि करप्शन पर लगाम कैसे लगेगा. उन्होंने कहा कि इस स्थिति में विकसित राज्य की कल्पना नहीं की जा सकती.