द फॉलोअप डेस्क
साउथ फिल्मों के हीरो की स्टाइल में गाड़ी से एंट्री लेता शख्स यह कोई फिल्मी सितारा नहीं, बल्कि खरसावां के विधायक दशरथ गगराई हैं, जो अपने नए म्यूजिक वीडियो को लेकर सुर्खियों में हैं। दशरथ गगराई ने हाल ही में एक आइटम सॉन्ग नशा चढ़ाओ जान में न सिर्फ अभिनय किया है, बल्कि इस गाने को अपनी आवाज़ भी दी है। खास बात यह है कि इस गाने में उनका अंदाज़ बिल्कुल किसी प्रोफेशनल कलाकार की तरह नजर आता है। उनकी स्क्रीन प्रेजेंस, एक्सप्रेशन और स्टाइल देखकर कोई यह अंदाज़ा नहीं लगा सकता कि वह राजनीति से जुड़े हुए हैं। इस म्यूजिक वीडियो में दशरथ गगराई का लुक, मूव्स और एक्टिंग पूरी तरह मॉडर्न और एंटरटेनिंग है। गाने को हाई-एनर्जी आइटम नंबर के रूप में फिल्माया गया है, जिसमें रंगीन लोकेशन, आकर्षक कोरियोग्राफी और दमदार म्यूजिक दर्शकों को खूब लुभा रहा है।

जब हमने विधायक दशरथ गगराई से इस अनोखे प्रयोग को लेकर बात की, तो उन्होंने हसते हुए कहा कि उनके भीतर बचपन से ही एक कलाकार छिपा हुआ है। उन्हें गाना गाना, लिखना और अभिनय करना बेहद पसंद है। उन्होंने बताया कि यह गाना पूरी तरह मनोरंजन के उद्देश्य से किया गया है, ताकि लोग उनके इस अलग और रचनात्मक पक्ष को देख सकें। दशरथ गगराई ने यह भी बताया कि 26 जनवरी तक उनका एक और गाना रिलीज़ होने वाला है, जिसमें उनकी पत्नी भी अभिनय करती नजर आएंगी। यह गाना भी झारखंड में ही शूट किया गया है। शूटिंग की पूरी टीम कोलकाता से आई थी, जबकि गाने की भाषा हो रखी गई है। इसे आधुनिक तकनीक और मॉडर्न स्टाइल में फिल्माया गया है, ताकि पारंपरिक भाषा के साथ नया फ्लेवर भी दर्शकों तक पहुंचे।

हालांकि इस म्यूजिक वीडियो के सामने आते ही सियासी गलियारों में भी हलचल तेज हो गई है। विपक्ष ने इस मुद्दे को लेकर सरकार और सत्तारूढ़ दल पर सीधा हमला बोल दिया है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने वीडियो को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। प्रतुल शाहदेव ने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है मानो झारखंड में पूरा सिस्टम ही नशे में चल रहा है। उन्होंने कहा कि अब तक राज्य में जमीन लूट, कोयला लूट और अपराध के नशे की चर्चा होती रही है, लेकिन अब अश्लील आइटम सॉन्ग में एक विधायक के अभिनय का नशा भी सामने आ गया है। प्रतुल शाहदेव ने सवाल उठाते हुए कहा कि जो लोग झारखंडियत और सांस्कृतिक मूल्यों की बात करते हैं, वे इस तरह के अश्लील आइटम सॉन्ग में अभिनय कर आखिर किस तरह का आदर्श समाज के सामने पेश कर रहे हैं। उन्होंने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों से समाज को दिशा मिलनी चाहिए, न कि इस तरह के संदेश। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने यह भी कहा कि विधायक दशरथ गगराई इसे एआई जेनरेटेड वीडियो बताने की बात कर सकते हैं, लेकिन अगर ऐसा है तो इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आ सके।
