logo

मंत्री इरफान अंसारी का कांग्रेस भवन में जनता दरबार, सुनी समस्याएं, अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश

irfan_janta_darbar.jpg

द फॉलोअप डेस्क

जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए आज  कांग्रेस भवन में जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में मंत्री डॉ. इरफान अंसारी लोगों की समस्याओं से रूबरू हुए तथा मौके पर ही संबंधित विभाग के अधिकारियों को समस्याओं का निष्पादन हेतु निर्देश दिया।

उक्त जानकारी देते हुए प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता सोनाल शांति ने बताया कि मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के समक्ष कुल 97 लोगों ने अपनी समस्याओं को रखा, जिस पर उन्होंने तत्काल पहल करते हुए अधिकारियों से समाधान का रास्ता निकालने को कहा। जनता दरबार में आए कुल मामलों में स्वास्थ्य केंद्र निर्माण संबंधित 5, आपूर्ति विभाग से 12, इलाज से 13, रोजगार हेतु 7, आपदा प्रबंधन से 8, राशन कार्ड से 13, स्थानांतरण हेतु 7, जमीन संबंधी 22 मामलों के अलावा विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याएं मंत्री के समक्ष लोगों ने रखा। कई मामलों में मंत्री इरफान अंसारी ने अधिकारियों को सीधा निर्देश दिया  तथा कई समस्याओं के समाधान हेतु प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया एवं कार्य की प्रगति से अवगत कराने का भी निर्देश दिया। जनता दरबार में रांची, गुमला, धनबाद, पलामू, चतरा, गिरिडीह, हजारीबाग, खूंटी सहित विभिन्न जिलों के लोगों ने अपनी समस्याओं को रखा।
जनता दरबार के बाद उपस्थित संवाददाताओं से मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा, "सैकड़ों की संख्या में शिकायतें, समस्याएं आई हैं। जमीन की समस्याएं अधिक हैं। कई सीओ की शिकायतें ज्यादा है, जमीन माफिया को वह प्रश्रय दे रहे हैं, उन्हें स्पष्ट कह दिया गया है कि जनहित में कार्रवाई करें। पेयजल, थाना, नगर विकास, स्वास्थ्य, खाद्य आपूर्ति सहित कई विभागों से संबंधित समस्याएं आई हैं। मेरा प्रयास है कि समस्याओं का निराकरण हो। मैं अपना सर्वोत्तम प्रदर्शन जनता के लिए करना चाहता हूं। लगभग 90% समस्याओं का निराकरण किया गया है। कुछ मामलों में तकनीकी अड़चन है, जिन्हें समय अनुसार दूर किया जाएगा। सभी आवेदन पर हर हाल में कार्य होगा। जनता दरबार से जनता के साथ-साथ संगठन को भी फायदा मिल रहा है, यह अच्छी पहल है। अगर जनता का काम किया जाए तो लोग आते हैं हमसे जनता को उम्मीद है। कांग्रेस जन सरोकार से जुड़ी हुई है। महागठबंधन सरकार जनता की सरकार है। झारखंड के लगभग सभी जिलों से लोग आए हैं। समय-समय पर जल्दी-जल्दी यह आयोजन किया जाएगा।"

उन्होंने आगे कहा, "भाजपा ने पूरे सिस्टम को बर्बाद कर दिया है, कुचल दिया है लेकिन राज्य के प्रति हमारी संवेदना है। झारखंड राज्य के लिए भाजपा का कोई योगदान नहीं है। झारखंड पर भाजपा का कोई अधिकार नहीं, राज्य हमारा है। राज्य के लोगों का विकास होगा। निचले स्तर के अधिकारियों को जनता के प्रति नरम रुख रखना होगा। हमारा प्रयास होगा कि यह संख्या धीरे-धीरे कम हो, लोगों की समस्याएं दूर हों। स्वास्थ्य विभाग में सुधार से भाजपा में बौखलाहट है। रिम्स टू के निर्माण का भाजपा विरोध कर रही है। रिम्स 2 का जब निर्माण होगा तो झारखंड के लोगों को रोजगार मिलेगा, बेहतर सुविधा मिलेगी, जिसका विरोध बीजेपी कर रही है। झारखंड की बुनियाद बाबूलाल मरांडी की सरकार ने कमजोर कर दी है। हम इसे मजबूती प्रदान करेंगे।" जनता दरबार में राजेश सिन्हा, सन्नी, राजन वर्मा, जगदीश साहू भी उपस्थित थे।


 

Tags - Latest News Latest News updates congress Jharkhand Irfan ANsari in janta darbar Janta darbar of Congress latest jharkhand News Jharkhand Updates Latest jharkhand News jharkhand latest News latest jharkhand Updates