द फॉलोअप डेस्क
झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) ने वर्ष 2026 की मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षा को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। राज्यभर में परीक्षाएं आज 3 फरवरी से शुरू हो रही हैं, जिसमें 7 लाख 48 हजार से अधिक छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और कदाचारमुक्त बनाने के लिए इस बार सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा किया गया है। जैक की ओर से सभी जिलों को परीक्षा सामग्री भेज दी गई है। प्रश्न-पत्रों की कोषागार से परीक्षा केंद्र तक सुरक्षित ढुलाई और वितरण के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। प्रश्न-पत्रों की सुरक्षा की जिम्मेदारी जिला प्रशासन और पुलिस विभाग को सौंपी गई है।

इस वर्ष मैट्रिक परीक्षा में कुल 4,23,861 परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं, जिनके लिए राज्यभर में 1,232 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। वहीं इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए 3,24,321 छात्रों ने आवेदन किया है, जिनके लिए 757 केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इस तरह कुल 1,989 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। इंटरमीडिएट परीक्षा में संकायवार आंकड़ों के अनुसार विज्ञान संकाय से 90,579, वाणिज्य संकाय से 21,195 और कला संकाय से 2,12,547 परीक्षार्थी परीक्षा में बैठेंगे।

जैक के निर्देशानुसार सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इसके साथ ही स्टैटिक दंडाधिकारी और पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। प्रश्न-पत्रों को कोषागार से निकालने से लेकर परीक्षा समाप्त होने तक हर चरण पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।जैक के आंकड़ों के अनुसार, पिछले वर्ष की तुलना में इस बार मैट्रिक और इंटर दोनों परीक्षाओं में परीक्षार्थियों की संख्या में कमी दर्ज की गई है। मैट्रिक परीक्षा में गिरिडीह जिला सबसे अधिक 40,827 परीक्षार्थियों के साथ शीर्ष पर है, जबकि खूंटी जिले से सबसे कम 6,097 छात्र परीक्षा में शामिल होंगे। इंटरमीडिएट परीक्षा में भी परीक्षार्थियों की संख्या के मामले में गिरिडीह जिला पहले स्थान पर है।
.jpeg)
इस संबंध में जैक के सचिव जयंत कुमार मिश्र ने कहा कि परीक्षा की गोपनीयता और पारदर्शिता परिषद की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी जिलों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि परीक्षा संचालन के दौरान किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। कदाचार के मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी। उन्होंने परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचें, प्रवेश पत्र साथ रखें और किसी भी तरह की अफवाहों से दूर रहें।