द फॉलोअप डेस्क:
Khelo India Initiative: केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया ( Manusukh Mandaviya) के रांची (Ranchi) आगमन पर थ्रोबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया (Throwball Federation of India) के प्रतिनिधिमंडल ने उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर फेडरेशन के महासचिव गौतम सिंह, झारखंड राज्य थ्रोबॉल संघ के अध्यक्ष वेदांत कौस्तव, भारतीय थ्रोबॉल टीम के कोच नगीना कुमार और नीरज कुमार मौजूद रहे। मंत्री ने थ्रोबॉल खिलाड़ियों से बातचीत कर उनका उत्साहवर्धन किया और खेल के प्रति उनके समर्पण की सराहना की।
.jpeg)
खिलाड़ियों ने मंत्री को भेंट किया आकर्षक चित्र
इस दौरान थ्रोबॉल खिलाड़ियों ने अपनी कला का परिचय देते हुए केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया का एक आकर्षक चित्र उन्हें स्मृति चिह्न के रूप में भेंट किया। खिलाड़ियों की ओर से तैयार इस चित्र को मंत्री के सम्मान में प्रस्तुत किया गया। प्रतिनिधिमंडल की मौजूदगी में हुए इस कार्यक्रम में खिलाड़ियों ने उनसे संवाद किया और अपने खेल से जुड़े उत्साह को साझा किया।

खेलो इंडिया से छोटे शहरों की प्रतिभाओं को मिल रहा अवसर
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी सोच और 'खेलो इंडिया' जैसी पहल के साथ केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया के नेतृत्व में भारतीय खेल जगत नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है। खेलों को केवल महानगरों तक सीमित न रखकर छोटे शहरों, ग्रामीण क्षेत्रों और प्रतिभावान युवाओं तक पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इससे देश के खिलाड़ियों को नए अवसर मिल रहे हैं और उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ने का मंच मिल रहा है। प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, खेलों को बढ़ावा देने की ये पहल विकसित भारत के निर्माण में खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका को भी मजबूत कर रही है।