logo

जामताड़ा में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, फल गोदाम में कार्बाइड बरामद

WhatsApp_Image_2026-04-29_at_6_48_50_PM.jpeg

जामताड़ा

जामताड़ा शहर में बुधवार को खाद्य सुरक्षा विभाग ने औचक निरीक्षण अभियान चलाकर कई प्रतिष्ठानों और स्ट्रीट फूड दुकानों की जांच की। इस दौरान सदर क्षेत्र स्थित राधे-राधे फ्रूट ट्रेडर्स नामक फल गोदाम में कार्बाइड बरामद होने से हड़कंप मच गया। विभाग ने गोदाम संचालक को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि फलों को पकाने के लिए कार्बाइड का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित है। साथ ही उन्हें जल्द से जल्द फूड लाइसेंस लेने का निर्देश दिया गया, अन्यथा कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।


एक्सपायरी मसाला जब्त, स्ट्रीट फूड वेंडर्स को निर्देश
निरीक्षण के दौरान सरखेलडीह स्थित भगवती भंडार में एक्सपायरी मसाले का पैकेट भी मिला। दुकानदार ने इसे वापस करने के लिए रखा होने की बात कही, लेकिन संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिस पर विभाग ने चेतावनी जारी की। इसके अलावा महिला कॉलेज, टावर चौक समेत विभिन्न स्थानों पर चाट-पुचका, सत्तू और गन्ना जूस बेचने वाले स्ट्रीट फूड वेंडर्स की भी जांच की गई। जांच में पाया गया कि अधिकांश वेंडर्स के पास खाद्य निबंधन नहीं था, जिस पर सभी को तत्काल रजिस्ट्रेशन कराने और साफ-सफाई के मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए।

कोटपा के तहत कार्रवाई, वसूला गया जुर्माना
अभियान के दौरान कोटपा अधिनियम के तहत सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करने वालों और नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों पर भी कार्रवाई की गई। धारा 4 के तहत 200 रुपये तथा धारा 6 के तहत तीन दुकानदारों का चालान काटा गया, जिससे कुल 900 रुपये जुर्माना वसूला गया। निरीक्षण टीम में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी के साथ अन्य अधिकारी भी मौजूद थे। इस कार्रवाई के बाद शहर में मिलावटखोरी और बिना लाइसेंस कारोबार करने वालों में हड़कंप मच गया है।

Tags - JAMTARA NEWS FOOD SAFTEY DEPARMENT FOOD SAFTEY DRIVE JAMTARA KHABAR