महागामा/गोड्डा:
गोड्डा के महागामा में पिछले 4 दिन से लापता बुजुर्ग को पुलिस ने ढूंढ़कर उनके परिजनों से मिलवा दिया। दरअसल, गोड्डा के पथरगामा थानाक्षेत्र अंतर्गत अमरपुर गांव के सहदेव साह बीते 4 दिन से लापता थे। परिजन जगह-जगह उनकी तलाश में जुटे थे। सहदेव का सुराग नहीं मिलने से घरवाले परेशान थे। इसी बीच महागामा पुलिस को बुजुर्ग सहदेव साह के बारे में जानकारी मिली। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तत्काल जरूरी पहल की और सहदेव साह के परिजनों से संपर्क स्थापित किया।
परिजन महागामा आये तो उन्हें बुजुर्ग को सकुशल सौंप दिया गया। सहदेव साह को वापस पाकर परिजनों ने राहत की सांस ली।

पुलिस की पहल से परिवार को मिली राहत
इस घटना में महागामा थाना पुलिस की तत्परता और मानवीय पहल सामने आई है। पुलिस ने न केवल बुजुर्ग की सहायता की, बल्कि उन्हें उनके परिवार तक पहुंचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। महागामा थाना पुलिस ने कहा कि आम नागरिकों की सुरक्षा, सहायता और सेवा के लिए पुलिस सदैव तत्पर है।

4 दिन पहले अचानक गायब हो गए थे बुजुर्ग
गौरतलब है कि सहदेव साह बीते दिनों अचानक कहीं चले गए। परिजनों ने गांव में और आसपास के इलाकों में ढूंढ़ा। रिश्तेदारों के यहां पूछा और सभी संभावित जगहों पर तलाशी की, लेकिन सहदेव साह का सुराग नहीं मिला। परिजनों ने पथरगामा पुलिस को भी मामले की जानकारी दी। बुजुर्ग की तस्वीर सर्कुलेट की गई। आखिरकार महागामा पुलिस ने बुजुर्ग को ढूंढ़ निकाला।