द फॉलोअप डेस्क
लोहरदगा जिले के सेन्हा थाना क्षेत्र में गुरुवार को आकाशीय बिजली गिरने की एक दर्दनाक घटना सामने आई है। खेत से लौटते समय दंपती पर वज्रपात हुआ, जिससे पति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से झुलस गई हैं। घायल महिला का इलाज लोहरदगा सदर अस्पताल में चल रहा है।
घटना जिले के सेन्हा थाना क्षेत्र के दतरी गांव की है। मृतक की पहचान तपेश्वर उरांव के रूप में हुई है, जबकि घायल पत्नी का नाम राधिका उरांव (35) है। जानकारी के मुताबिक, दोनों पति-पत्नी खेत से काम कर घर लौट रहे थे, तभी अचानक मौसम बिगड़ा और तेज बारिश के साथ वज्रपात हुआ। बिजली सीधे दंपती पर गिरी, जिससे तपेश्वर उरांव की मौके पर ही मौत हो गई और राधिका गंभीर रूप से झुलस गईं।
स्थानीय लोगों की मदद से राधिका को तुरंत लोहरदगा सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जो शुक्रवार को किया जाएगा। सेन्हा थाना के सहायक अवर निरीक्षक जमशेद खान ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस हर पहलु की जांच कर रही है। वहीं, घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।