द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
खूंटी में दो सगी नाबालिग बहनों के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मारंगहादा थाना क्षेत्र निवासी राहुल उर्फ गोपाल मुंडा, मनसा टूटी उर्फ टाना और मनीष लोहरा के रूप में हुई है। दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। इस संबंध में तीन नवंबर को महिला थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

जन्मदिन की पार्टी में बुलाकर वारदात को दिया अंजाम
एसपी ऋषभ गर्ग ने बताया कि सोयको थाना क्षेत्र की एक नाबालिग लड़की ने सोमवार को मुरहू थाना क्षेत्र की दो सगी बहनों को अपने दोस्त की जन्मदिन पार्टी में बुलाया था। तीनों लड़कियां आरोपियों के साथ बाइक और स्कूटी से निकलीं। कदमा और रनकिनबुरु होते हुए वे एक गांव पहुंचीं। पार्टी के बाद आरोपी लड़कियों को खूंटी छोड़ने जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में दोनों बहनों के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। एसपी ने बताया कि तीसरी लड़की के साथ कोई घटना नहीं हुई।

स्कूटी, दो बाइक और तीन मोबाइल बरामद
एसपी के अनुसार, मंगलवार को पीड़िता की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज करने के बाद पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनसे पूछताछ के आधार पर तीसरे आरोपी को भी पकड़ा गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक स्कूटी, दो बाइक, तीन मोबाइल फोन और घटना के समय पहने गए कपड़े बरामद किए हैं। पुलिस ने गिरफ्तार तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया है। मामले में शामिल दो अन्य आरोपी अब भी फरार हैं। एसपी ऋषभ गर्ग ने बताया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।