द फॉलोअप डेस्क
झारखंड कांग्रेस में हो रहे बिखराव को समेटने के लिए आज पार्टी के केंद्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल सक्रिय होंगे। सूत्रों के मुताबिक, सोमवार को केसी वेणुगोपाल झारखंड कांग्रेस के विधायकों और मंत्रियों से एक-एक कर मुलाकात करेंगे। पार्टी में बढ़ती खींचतान को समाप्त कर संगठन में एकजुटता बनाए रखने के लिए यह पहल की जा रही है। दरअसल प्रदेश कांग्रेस में विधायक दल के नेता और एक मंत्री के बीच चल रहा विवाद अब कांग्रेस मुख्यालय तक पहुंच गया है। इसी को लेकर सोमवार दोपहर पार्टी के शीर्ष नेताओं की अहम बैठक होने जा रही है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, दोपहर दो बजे सभी सीनियर नेताओं को बैठक के लिए बुलाया गया है।

इधर, रविवार को प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के. राजू से भी कई वरिष्ठ नेताओं ने मुलाकात कर इस विवाद को लेकर अपना-अपना पक्ष रखा। जानकारी के अनुसार स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने प्रभारी को बताया कि कुछ कांग्रेस नेता उनके और उनके परिवार के खिलाफ लगातार बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें बदनाम करने की साजिश चल रही है, जिससे पार्टी की छवि को भी नुकसान पहुंच रहा है। मंत्री ने कहा कि इस तरह की गतिविधियां उन्हें हतोत्साहित करने के उद्देश्य से की जा रही हैं। वहीं, कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने भी प्रभारी के. राजू के समक्ष अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में शामिल होने के बाद से ही कुछ नेता उनके लिए लगातार अवरोध पैदा कर रहे हैं और जानबूझकर विवाद खड़ा किया जा रहा है। बताया जाता है कि रविवार को नई दिल्ली में आयोजित ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ रैली के बाद झारखंड कांग्रेस के कई सीनियर नेताओं ने प्रदेश प्रभारी से मुलाकात की और आपसी विवाद को खत्म करने की मांग की। कुछ नेताओं ने पार्टी हित में जल्द समाधान निकालने का आग्रह भी किया।
