logo

हजारीबाग घटना को लेकर JMM की आक्रोश रैली, फागु बेसरा बोले- सच्चाई सामने आने के बाद BJP का चेहरा बेनकाब

jhbvlerts.jpg

द फॉलोअप डेस्क
हजारीबाग जिला के विष्णुगढ़ में 12 वर्षीय बच्ची की निर्मम हत्या के मामले में हजारीबाग पुलिस द्वारा किए गए खुलासे के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है। पुलिस ने इस मामले में भाजपा कार्यकर्ता भीम राम को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। इसी को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने हजारीबाग में आक्रोश रैली निकाली। रैली के दौरान कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखा गया और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई। जेएमएम के दर्जा प्राप्त मंत्री फागु बेसरा ने कहा कि हजारीबाग पुलिस ने इस जघन्य कांड का खुलासा कर आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजने का काम किया है। उन्होंने कहा कि इस मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाना चाहिए, चाहे वह किसी भी राजनीतिक दल से जुड़ा हो।
उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि सच्चाई सामने आने के बाद अब भाजपा के चेहरे बेनकाब हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग मामले को भटकाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन पुलिस की कार्रवाई ने सच्चाई उजागर कर दी। फागु बेसरा ने यह भी कहा कि मासूम बच्ची को न्याय दिलाने के लिए ही जेएमएम सड़क पर उतरी है। उन्होंने दोषियों के लिए कड़ी से कड़ी सजा, यहां तक कि फांसी की मांग करते हुए कहा कि ऐसे जघन्य अपराध करने वालों के लिए समाज में कोई स्थान नहीं होना चाहिए। रैली के दौरान “बेटी को न्याय दो” और “दोषियों को फांसी दो” जैसे नारों से पूरा हजारीबाग गूंज उठा। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। इस घटना के बाद मामला पूरी तरह से राजनीतिक रंग ले चुका है और आने वाले दिनों में इस पर सियासत और तेज होने की संभावना है।
 

Tags - Hazaribagh child murder case Hazaribagh police investigation news JMM protest rally Hazaribagh Jharkhand Mukti Morcha protest Justice for girl child India protest Hazaribagh crime news today Demand for death penalty India case Law and order Jharkha