द फॉलोअप डेस्क
नगर निकाय चुनाव के बीच धनबाद मेयर पद को लेकर बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया है। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की नेत्री डॉ. नीलम मिश्रा ने अपना नामांकन वापस ले लिया है। इसके साथ ही झामुमो ने मेयर पद के लिए चंद्रशेखर अग्रवाल को समर्थन देने की घोषणा की है। गौरतलब है कि चार दिन पहले ही भाजपा के कद्दावर नेता और पूर्व धनबाद मेयर शेखर अग्रवाल ने झारखंड मुक्ति मोर्चा का दामन थामा था। शेखर अग्रवाल भाजपा झारखंड प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य रह चुके हैं और वे पहले भी धनबाद के मेयर पद पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। झारखंड में नगर निकाय चुनाव की प्रक्रिया जारी है और चंद्रशेखर अग्रवाल ने धनबाद मेयर पद के लिए नामांकन दाखिल किया है। झामुमो के समर्थन के बाद उनके चुनावी अभियान को मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। बता दें कि 23 फरवरी को मतदान होना है।
