द फॉलोअप डेस्क:
झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के नेता देवेंद्रनाथ महतो ने 14वीं जेपीएससी सिविल सेवा परीक्षा के परिणाम पर सवाल उठाया है। उन्होंने कहा कि जो युवा प्रदेश की सेवा करना चाहते हैं, उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 14वीं जेपीएससी सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा के रिजल्ट का प्रकाशन कई सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि नियम विरुद्ध जाकर आयोग के सदस्यों के हस्ताक्षर के बिना ही परिणाम जारी कर दिया गया है। देवेंद्रनाथ महतो ने पीटी परीक्षा के रिजल्ट को अवैध बता दिया है।
ओएमआर शीट में गड़बड़ी का लगाया आरोप
देवेंद्रनाथ महतो ने दावा किया कि कई ओएमआर शीट वायरल हो रही है, जिनको देखकर ऐसा लगता है कि उन्हें घर पर रंगा गया है। जेएलकेएम नेता ने जेपीएससी पर 14वीं जेपीएससी पीटी परीक्षा का कटऑफ छिपाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि ऐसा पहली बार नहीं है जब जेपीएससी ने किसी परीक्षा का परिणाम आनन-फानन में जारी किया हो। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे पहले भी जेपीएससी सिविल सेवा परीक्षा के परिणामों में गड़बड़ी रही है। उन्होंने कहा कि ऐसी गड़बड़ियों पर लगाम लगना चाहिए।

मुख्य परीक्षा के लिए पर्याप्त समय नहीं दिया!
देवेंद्रनाथ महतो ने आयोग पर 14वीं जेपीएससी सिविल सेवा की मुख्य परीक्षा के लिए पर्याप्त समय नहीं देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि हम प्रदेश के छात्रों के साथ अन्याय नहीं होने देंगे। देवेंद्रनाथ महतो ने जेपीएससी से 14वीं सिविल सेवा पीटी परीक्षा का परिणाम रद्द करने की मांग की। उन्होंने कहा कि जेपीएससी की प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता नाम की चीज नहीं रह गई है। उन्होंने कहा कि हम किसी भी हालत में 18,19 और 20 जुलाई को परीक्षा नहीं होने देंगे। उन्होंने कहा कि जिस एजेंसी को परीक्षा कराने का जिम्मा सौंपा गया है, उसके खिलाफ नगड़ी थाने में केस दर्ज है।
उन्होंने, जेपीएससी प्रकरण पर मुख्य विपक्ष दलों की चुप्पी पर भी सवाल उठाया है। उन्होंने पूरे मामले की सीबीआई जांच की मांग करते हुए कई संगीन आरोप लगाए हैं।

जेपीएससी की परीक्षा में बाहरियों का दबदबा
देवेंद्रनाथ महतो ने आरोप लगाया कि जेपीएससी की परीक्षाओं में बाहरियों का दबदबा है। हरियाणा से लोग आते हैं। उन्होंने कहा कि आयोग के जिस मेंबर ने जेपीएससी पीटी परीक्षा के परिणाम पर हस्ताक्षर नहीं किया है, उनसे जवाब मांगा जाना चाहिए।