logo

झारखंड में ठंड से मिलेगी हल्की राहत, न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी; पलामू में सता रही बेजोड़ सर्दी 

मदत्.jpg

द फॉलोअप डेस्क
रांची समेत झारखंड के अधिकांश जिलों में अब ठंड का असर धीरे-धीरे कम होने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, रविवार से राज्य के ज्यादातर इलाकों में न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। अनुमान है कि अगले तीन दिनों के दौरान रात के तापमान में करीब तीन डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हो सकती है। इसके बाद दो दिनों तक तापमान में खास बदलाव की संभावना नहीं है। मौसम विभाग ने बताया कि सुबह के समय कुहासा छाए रहने की संभावना है, जबकि दिन में आसमान सामान्यतः साफ रहेगा। 20 दिसंबर तक ठंड से हल्की राहत मिलने की उम्मीद जताई गई है। हालांकि, बारिश होने की स्थिति में ठंड एक बार फिर बढ़ सकती है, लेकिन फिलहाल इसके कोई संकेत नहीं हैं। राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान 6.1 डिग्री सेल्सियस रांची के कांके क्षेत्र में दर्ज किया गया।

पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले पांच दिनों के दौरान राज्य में न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। ठंड को देखते हुए स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने सुबह सैर करने वालों को सलाह दी है कि वे बहुत सुबह निकलने के बजाय सूरज निकलने के बाद टहलें। साथ ही हल्का गुनगुना पानी पीने, शरीर को गर्म रखने, खान-पान में सावधानी बरतने और समय-समय पर पानी पीते रहने की सलाह दी गई है। ठंड का असर खेती पर भी दिखने लगा है। आलू की फसल की पत्तियां सूखने लगी हैं, जबकि गेहूं की फसल पर पाले का प्रभाव देखा जा रहा है। इससे पैदावार प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। बीते 24 घंटे के दौरान राज्य में मौसम शुष्क बना रहा। सबसे अधिक अधिकतम तापमान 26.9 डिग्री सेल्सियस जमशेदपुर में दर्ज किया गया। वहीं रांची, डाल्टनगंज, खूंटी, लोहरदगा, लातेहार और सरायकेला में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। खूंटी में न्यूनतम तापमान सामान्य से 7.5 डिग्री कम दर्ज किया गया।

इधर, पलामू जिले में ठंड का असर अभी भी बरकरार है। यहां पिछले एक सप्ताह से तापमान 6 से 8 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है, जिससे लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि आने वाले दिनों में पलामू में तापमान और नीचे जा सकता है। बताया जा रहा है कि वर्ष 2025 में औसत से अधिक बारिश होने के कारण यहां ठंड का असर ज्यादा देखने को मिल रहा है। पिछले 15 दिनों के आंकड़ों पर नजर डालें तो 6 दिसंबर को पलामू में न्यूनतम तापमान 6.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। इसके बाद गुरुवार को 6.3, शुक्रवार को 7.1, शनिवार को 7.6 और रविवार को 8.1 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।