द फॉलोअप डेस्क
झारखंड में साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। मौसम विभाग ने बताया है कि राज्य में 13 मई तक मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। कई जिलों में गरज के साथ बारिश, तेज हवा और वज्रपात की संभावना जताई गई है। आठ मई को उत्तर और पश्चिमी हिस्सों को छोड़कर अधिकांश इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चल सकती है। इसे देखते हुए विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।

9 और 10 मई को ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार नौ और 10 मई को रांची, धनबाद, बोकारो, रामगढ़, खूंटी, लोहरदगा और गुमला समेत कई जिलों में मौसम ज्यादा खराब रह सकता है। इन इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवा चलने, बारिश होने और वज्रपात की आशंका है। इस स्थिति को देखते हुए विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। राज्य के बाकी हिस्सों में भी खराब मौसम को लेकर येलो अलर्ट प्रभावी रहेगा।

तापमान में आएगी गिरावट
मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों तक अधिकतम तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। बीते दिनों हुई बारिश की वजह से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। रांची में गुरुवार को तेज धूप के बाद कई इलाकों में बारिश हुई, जबकि पूर्वी सिंहभूम के दारीसाई में 14 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। वहीं, जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
.jpg)
कई जिलों में बारिश और वज्रपात की आशंका
शुक्रवार को पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार को छोड़कर राज्य के अधिकांश हिस्सों में गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। कई जगहों पर वज्रपात और तेज हवाएं चल सकती हैं। पिछले 24 घंटे के दौरान पश्चिमी सिंहभूम के जगन्नाथपुर में सबसे अधिक 35.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं, कांके में न्यूनतम तापमान 17.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।