logo

झारखंड के 17 जिलों में 5 मई को आंधी-बारिश का अलर्ट, 60 किमी की स्पीड से चलेगी हवा

RAIN4.jpg

द फॉलोअप डेस्क
झारखंड में मौसम विभाग ने 9 मई तक पूरे राज्य में आंधी, बारिश और वज्रपात की संभावना जताई है। 4 मई को आंशिक बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश के संकेत दिए गए हैं। विभाग ने कई जिलों में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की चेतावनी जारी की है, जिसके तहत कई इलाकों को ऑरेंज अलर्ट पर रखा गया है। देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, पाकुड़ के साथ रांची, बोकारो, गुमला, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा और कोडरमा में तेज आंधी के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। इन इलाकों में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है।


साइक्लोनिक सिस्टम से बदला मौसम
मौसम में आए इस बदलाव के पीछे साइक्लोनिक सर्कुलेशन को मुख्य कारण बताया गया है। मई की शुरुआत से ही इसका असर राज्य के सभी जिलों में देखने को मिल रहा है, जिससे गर्मी से राहत मिली है और मौसम अपेक्षाकृत सुहावना बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों में अधिकतम तापमान में करीब 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है।


4 और 5 मई के लिए विशेष चेतावनी
4 मई को रांची, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, जामताड़ा, दुमका, देवघर, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ में तेज हवा के साथ हल्की बारिश और गरज के आसार हैं। वहीं 5 मई को रांची सहित खूंटी, हजारीबाग, पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, कोडरमा, देवघर, जामताड़ा, दुमका, पाकुड़, गोड्डा और साहिबगंज में तेज आंधी चलने की चेतावनी दी गई है। इन दोनों दिनों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी कर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।


पिछले 24 घंटे में बारिश, तापमान में गिरावट
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों में गरज के साथ बारिश हुई। चाकुलिया में सबसे अधिक 33.6 मिमी वर्षा दर्ज की गई। रांची में शाम करीब 4:20 बजे तेज बारिश हुई, जिससे मौसम सुहावना हो गया। इसके अलावा सिमडेगा में 6 मिमी, बोकारो में 4 मिमी और जमशेदपुर में 2 मिमी बारिश दर्ज की गई। तापमान में भी गिरावट आई है-हजारीबाग में 33 डिग्री, रांची में 33.6 डिग्री, मेदिनीनगर में 38.5 डिग्री और बोकारो में 31.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो सामान्य से कम है।

 

Tags - jharkhand weather rain alert thunderstorm warning imd update weather news