logo

झारखंड में मानसून मेहरबान, आज पूरे राज्य में बारिश-आंधी का ऑरेंज अलर्ट; 8 जुलाई तक तेज वर्षा

RAIN261.jpg

द फॉलोअप डेस्क
झारखंड में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को पूरे राज्य में तेज बारिश, आंधी और आकाशीय बिजली को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और खुले स्थानों में जाने से बचने की अपील की गई है। वहीं, बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना के कारण 8 जुलाई तक राज्य के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है।


कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, सिमडेगा, गुमला और खूंटी में भारी बारिश की संभावना है। वहीं 3 जुलाई को लातेहार, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में भी भारी वर्षा हो सकती है। इसके अलावा राज्य के अधिकांश जिलों में गर्जन, वज्रपात और तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। विभाग ने लोगों से विशेष रूप से आकाशीय बिजली के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।


रांची में सामान्य बारिश, कई जिले अब भी पीछे
1 जून से 2 जुलाई तक रांची में 111.1 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जबकि इस अवधि में सामान्य वर्षापात 206.5 मिमी माना जाता है। विभाग के अनुसार रांची में अब तक वर्षा की स्थिति सामान्य बनी हुई है, लेकिन अन्य जिलों में बारिश काफी कम हुई है। सबसे कम वर्षा गढ़वा और साहिबगंज में दर्ज की गई है। गढ़वा में अब तक केवल 12.6 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य से 91 मिमी कम है। वहीं साहिबगंज में 3.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जो सामान्य से 99 मिमी कम है। गोड्डा में 36.9 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य से 80 मिमी कम है।


जुलाई के पहले 10 दिनों में अच्छी बारिश की उम्मीद
रांची स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक अभिषेक आनंद ने बताया कि 3 जुलाई को उत्तरी बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने से जुलाई के पहले 10 दिनों में राज्य के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। हालांकि पूरे महीने के दौरान सामान्य से कम या सामान्य बारिश रहने का अनुमान है। लगातार बारिश से अधिकतम तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को उमस व गर्मी से राहत मिलेगी। हालांकि बीच-बीच में बारिश का ब्रेक भी देखने को मिल सकता है, जिससे उमस बढ़ सकती है। अगले पांच दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।


किसानों के लिए सलाह, अल नीनो का भी असर संभव
मौसम विभाग का कहना है कि शुरुआती डेढ़ सप्ताह तक मानसून सक्रिय रहेगा, लेकिन इसके बाद बारिश की गतिविधियों में कमी आ सकती है। इसकी एक प्रमुख वजह प्रशांत महासागर में विकसित हो रही अल नीनो की स्थिति मानी जा रही है, जिसका असर मानसून पर पड़ सकता है। कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को सलाह दी है कि वे पहले निचले खेतों में धान की रोपाई करें, जहां पानी का ठहराव बेहतर हो सके। ऊंचाई वाले खेतों में दलहन और तिलहन की खेती अधिक लाभकारी रहेगी। पिछले 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि गिरिडीह के डुमरी में सबसे अधिक 92.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई। वहीं सबसे अधिक अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस डाल्टनगंज और सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस लातेहार में रिकॉर्ड किया गया।

 

Tags - Jharkhand Weather Monsoon Update Rain Alert IMD Forecast Ranchi News