द फॉलोअप डेस्क
झारखंड में दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसका असर राज्य के अधिकांश जिलों में देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार यानि 1 जुलाई को राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर तेज बारिश होने की संभावना है। रांची, खूंटी, सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा समेत करीब 16 जिलों में अच्छी बारिश के आसार हैं। वहीं जमशेदपुर, बोकारो, धनबाद, देवघर, दुमका, गिरिडीह, पाकुड़ और साहिबगंज में मेघगर्जन के साथ 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। अचानक मौसम बदलने और तेज बारिश की चेतावनी को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

आज ऑरेंज और यलो अलर्ट
मौसम विभाग ने 1 जुलाई के लिए ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है। रांची समेत राज्य के लगभग सभी जिलों में आज और कल भारी बारिश की संभावना जताई गई है। 2 जुलाई को रांची, खूंटी, देवघर, दुमका, गोड्डा, बोकारो, धनबाद, लोहरदगा, गुमला, रामगढ़, सिमडेगा तथा पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम जिलों में तेज बारिश हो सकती है। वहीं 3 और 4 जुलाई को भी राज्य में बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रहने की संभावना है, जिसके मद्देनजर यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार 3 से 5 जुलाई के बीच मेघगर्जन और वज्रपात की आशंका बनी रहेगी, जबकि 6 जुलाई से राज्य में फिर भारी बारिश का नया दौर शुरू होने के संकेत हैं।

पूरे झारखंड में पहुंचा मानसून, कई जिलों में झमाझम बारिश
दक्षिण-पश्चिम मानसून ने मंगलवार को पूरे झारखंड को कवर कर लिया, जिसके बाद कई जिलों में झमाझम बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 67.4 मिमी बारिश मेदिनीनगर में रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा रांची में 20 मिमी और चाईबासा में 14 मिमी वर्षा हुई। रांची, जमशेदपुर, बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग, खूंटी, गुमला, सिमडेगा और लोहरदगा में भी हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। बारिश का असर पूर्वी और दक्षिणी झारखंड में अधिक देखने को मिला। लगातार बारिश के कारण राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस गिरकर 28.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली।

कई जिलों में वज्रपात का खतरा
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 1 जून से 30 जून तक झारखंड में सामान्य से 54 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है, जबकि रांची में 26 प्रतिशत वर्षा की कमी रही। रांची में सामान्य 197.6 मिमी के मुकाबले अब तक 146.9 मिमी बारिश हुई है। सबसे खराब स्थिति दुमका जिले की है, जहां अब तक एक बूंद भी बारिश दर्ज नहीं की गई है। मौसम विभाग ने पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, देवघर, दुमका और पाकुड़ में मेघगर्जन और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। वहीं पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार में अधिकतम तापमान 35 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जबकि राज्य में न्यूनतम तापमान 24 से 27 डिग्री और अधिकतम तापमान 31 से 38 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है।