logo

झारखंड में फिर बढ़ी कनकनी, रांची में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री तक गिरने की संभावना

मदत्.jpg

द फॉलोअप डेस्क
रांची समेत पूरे झारखंड में अगले 24 घंटों के दौरान ठंड में बढ़ोतरी होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार से राज्य में तापमान में गिरावट शुरू होगी, जिससे खासकर रात के समय ठिठुरन बढ़ेगी। सुबह के समय कई इलाकों में हल्के से मध्यम कुहासे के छाए रहने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले तीन दिनों में रांची के न्यूनतम तापमान में करीब पांच डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में सुबह हल्का से मध्यम कुहासा देखने को मिलेगा। बुधवार को राज्य के कुछ हिस्सों में हल्के बादल छाए रहे, लेकिन शुक्रवार से आसमान साफ रहने की संभावना है, जिससे सर्द हवाओं का असर और तेज हो सकता है।


पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य का मौसम शुष्क रहा। इस दौरान कुछ स्थानों पर हल्के दर्जे का कोहरा और कुहासा देखा गया। राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री सेल्सियस चाईबासा और सरायकेला में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 9.7 डिग्री सेल्सियस गुमला में रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार की सुबह कहीं-कहीं हल्के दर्जे का कोहरा या कुहासा रहेगा, जबकि बाद में आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा। अगले तीन दिनों में राज्य के न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हो सकती है। इसके बाद अगले दो दिनों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।


रांची मौसम केंद्र के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राज्य के मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है। इसके असर से अगले 24 घंटों के बाद ठंड और बढ़ सकती है। न्यूनतम के साथ-साथ अधिकतम तापमान में भी गिरावट दर्ज होने की संभावना है। खूंटी, गुमला, पलामू, हजारीबाग और रामगढ़ जिलों में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं दक्षिणी जिलों पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम तथा खरसावां में न्यूनतम तापमान 11 से 13 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। सुबह हल्का कोहरा और दिन में ठंडी हवाएं लोगों को ठंड का एहसास कराएंगी।