द फॉलोअप डेस्क
19 अप्रैल रविवार को झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कल्पना सोरेन पश्चिम बंगाल के झारग्राम में आयोजित एक चुनावी सभा में शामिल नहीं हो पाए। इस घटना को लेकर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है, जहां तृणमूल कांग्रेस ने इसके लिए सीधे तौर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गतिविधियों को जिम्मेदार ठहराया है।

टीएमसी का आरोप और सोशल मीडिया पोस्ट
तृणमूल कांग्रेस का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चार रैलियों के बाद झारग्राम में प्रसिद्ध झालमुड़ी खाने के लिए रुके थे, जिसके कारण कथित तौर पर दोनों नेताओं का हेलीकॉप्टर लैंड नहीं कर सका। पार्टी ने आरोप लगाया कि इस अनप्लान्ड ब्रेक की वजह से हेमंत सोरेन और कल्पना सोरेन को घंटों हवा में इंतजार करना पड़ा और अंततः उन्हें बिना सभा संबोधित किए रांची लौटना पड़ा। पार्टी ने इसे आदिवासी नेताओं के साथ अपमान बताया।

सियासी बयानबाजी तेज, टीएमसी ने जताई नाराजगी
टीएमसी ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर तीखा पोस्ट करते हुए लिखा कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के चलते कथित रूप से नो-फ्लाई जोन जैसी स्थिति बन गई, जिससे विपक्षी नेताओं का कार्यक्रम प्रभावित हुआ। पार्टी का कहना है कि दो लोकतांत्रिक रूप से चुने गए नेताओं को घंटों इंतजार कर अंततः कार्यक्रम रद्द करना पड़ा। इस पूरे घटनाक्रम ने राजनीतिक माहौल को और गरमा दिया है।