द फॉलोअप डेस्क
हजारीबाग जिले के बड़कागांव में अपराधियों का हौसला अब इस कदर बढ़ गया है कि दिनदहाड़े भी फायरिंग जैसी घटनाएं हो रही हैं। शुक्रवार को बसरिया मोहल्ला में अज्ञात बदमाशों ने जेवर कारोबारी प्रभु सोनी पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोली लगते ही प्रभु सोनी सड़क पर गिर पड़े, जिससे आसपास अफरा-तफरी मच गई और लोग डर के मारे घरों में दुबक गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अचानक हुई गोलीबारी से पूरा मोहल्ला दहशत में आ गया। थोड़ी ही देर में सड़क पर भीड़ जमा हो गई और चीख-पुकार का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल प्रभु सोनी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उनकी स्थिति गंभीर बताते हुए उन्हें हजारीबाग सदर अस्पताल रेफर कर दिया। प्रभु सोनी इलाके में शांत, मिलनसार और विवाद रहित कारोबारी के रूप में जाने जाते हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही बड़कागांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेर लिया। पुलिस ने संदिग्धों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल डेटा की जांच की जा रही है। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित की गई है, जबकि आसपास के गांवों और सीमावर्ती इलाकों में भी तलाशी अभियान जारी है।

दिनदहाड़े हुई इस घटना ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोग भयभीत हैं और प्रशासन से तेज़ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर पूरे मामले का पर्दाफाश किया जाएगा।