जामताड़ा
जामताड़ा जिले के कुंडहित थाना क्षेत्र अंतर्गत नगरी गांव में बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब ग्रामीणों ने एक अज्ञात व्यक्ति का शव देखा। शव गांव के कस्तूरबा विद्यालय की ओर जाने वाले एक पगडंडी मार्ग पर पड़ा हुआ था। घटना के बाद मौके पर स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिसके बाद तुरंत इसकी सूचना कुंडहित थाना पुलिस को दी गई। इधर, सूचना मिलते ही कुंडहित थाना प्रभारी प्रदीप कुमार पुलिस बल के साथ अविलंब घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि उन्हें नगरी गांव के कस्तूरबा स्कूल जाने वाले रास्ते में एक व्यक्ति के अचेत पड़े होने की सूचना मिली थी। जब पुलिस टीम वहां पहुंची, तो वह व्यक्ति मृत अवस्था में पाया गया।

शव के पास मिली शराब की बोतल
पुलिस को घटनास्थल की जांच-पड़ताल के दौरान शव के पास से एक देसी शराब की बोतल और एक गमछा बरामद हुआ है। पुलिस ने आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों से पूछताछ की है, लेकिन प्रारंभिक तौर पर मौत के सही कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। समाचार लिखे जाने तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी थी। पुलिस ने शव को पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस घटना को लेकर स्थानीय ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की आशंकाएं और चर्चाएं तेज हैं। वहीं पुलिस का कहना है कि वे मृतक की पहचान कराने और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए हर पहलू से बारीकी से जांच कर रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी।
.jpeg)