logo

जामताड़ा में सड़क हादसा, ऑटो-टोटो की टक्कर में 3 मासूम छात्र समेत 7 लोग घायल

वोवब21.jpg

दीपक झा/जामताड़ा
जामताड़ा जिले में सोमवार सुबह एक सड़क हादसा हो गया। चित्तरंजन थाना क्षेत्र के अमलादही बाजार (स्ट्रीट नंबर 31) के पास तीन नंबर गेट क्रॉसिंग पर एक अनियंत्रित ऑटो और टोटो के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में टोटो पर सवार चित्तरंजन हाई स्कूल के तीन छात्र, उनके अभिभावक और अन्य यात्रियों समेत कुल 7 लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टोटो पलट गया और उसमें सवार लोग सड़क पर जा गिरे, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। 


स्कूल जा रहे थे बच्चे, अचानक हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह दुर्घटना उस समय हुई जब बच्चे स्कूल के लिए जा रहे थे। तेज रफ्तार और अनियंत्रित वाहन के कारण दोनों गाड़ियों में जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई, जिसे सुनकर आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे। स्थानीय लोगों और पुलिस की सहायता से सभी घायलों को तुरंत कस्तूरबा गांधी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज किया गया। 


सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल, सभी घायल खतरे से बाहर
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, सभी घायलों को मामूली चोटें आई हैं और प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई है। घायलों में अनुभूति विश्वकर्मा, अयल खान, समर खान और मुनमुन पात्रा समेत अन्य लोग शामिल हैं। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों और अभिभावकों ने अमलादही बाजार जैसे व्यस्त इलाके में वाहनों की तेज रफ्तार पर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि स्कूल समय में विशेष ट्रैफिक नियंत्रण और निगरानी जरूरी है, ताकि ऐसे हादसों को रोका जा सके। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया है।
 

Tags - Jharkhand News Jamtara Road Accident Chittaranjan Students Injured Traffic Issue Safety Concern Accident News