द फॉलोअप डेस्क
जामताड़ा जिले में बेलगाम रफ्तार का कहर बदस्तूर जारी है। पिछले महज 5 दिनों के भीतर अलग-अलग सड़क हादसों में 5 लोगों की असमय मौत हो चुकी है, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं। इन हादसों ने कई हंसते-खेलते परिवारों को कभी न भूलने वाले गहरे जख्म दिए हैं। एक और ताजा दर्दनाक हादसा गुरुवार (2 अप्रैल) की देर रात नारायणपुर थाना क्षेत्र के बगतारपा लखनपुर के पास हुआ। यहाँ एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान गिरिडीह जिले के अहिल्यापुर थाना अंतर्गत बाबानडीहा गांव निवासी संतोष मुर्मू (36 वर्ष) के रूप में हुई है। वह चैनपुर चापापुर में मजदूरी का काम खत्म कर घर लौट रहे थे। संतोष अपने घर के इकलौते कमाऊ सदस्य थे।

वे अपने पीछे बूढ़े माता-पिता और तीन छोटे बच्चों (दो बेटा, एक बेटी) को छोड़ गए हैं। मृतक के चचेरे भाई दिनेश मुर्मू ने जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार के भरण-पोषण के लिए उचित मुआवजे की गुहार लगाई है। जामताड़ा में बीते कुछ दिनों से सड़कें खून से लाल हो रही हैं। सिलसिलेवार हुई इन घटनाओं में पहली घटना (सोमवार) को नाला थाना क्षेत्र के काली पहाड़ी गांव के पास तेज रफ्तार के कारण हुए हादसे में 21 वर्षीय संजीव घोष की जान चली गई, जबकि उनका दोस्त गौर मंडल (19 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गया। दूसरी घटना (मंगलवार) बिंदा पाथर थाना क्षेत्र के डुमरिया के पास गोविंदपुर-साहिबगंज हाईवे पर एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने साइकिल सवार शिरोमणि यादव (65 वर्ष) को रौंद दिया। शिरोमणि की मौके पर ही मौत हो गई।

तीसरी घटना (बुधवार) मिहिजाम थाना क्षेत्र के अमोई के पास एक अनियंत्रित तेज रफ्तार बाइक ने साइकिल सवार को टक्कर मार दी। इस हादसे में जीतपुर निवासी चुनाई हांसदा (45 वर्ष) की मौत हो गई, जबकि बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। चौथी घटना (गुरुवार सुबह) ताराबहाल के शिमला निवासी प्रदीप मंडल अपनी पत्नी रूबी देवी के साथ बाइक से बासुकीनाथ पूजा करने जा रहे थे। तभी एक तेज रफ्तार पिकअप वैन ने उन्हें टक्कर मार दी। इस हादसे में प्रदीप की मौत हो गई और उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। पांचवीं घटना (गुरुवार देर रात) नारायणपुर के लखनपुर में हुई जिसमें संतोष मुर्मू की जान चली गई। इन लगातार हो रहे हादसों ने स्थानीय प्रशासन की यातायात व्यवस्था और सड़कों पर गति सीमा पर नियंत्रण को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।