रांची
सोशल मीडिया में खुद को जीवित साबित करने के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर काट रहे धरणीधर मांझी मामले में त्वरित कार्यवाही हुई। मामले से संबंधित समाचार प्रकाश में आने तथा मुख्यमंत्री द्वारा संज्ञान लिए जाने पर उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा ने एडीएसएस बोकारो एवं चंदनकियारी बीडीओ से बुधवार देर रात मामले की तत्काल जांच कराई। जांच के क्रम में पाया गया कि चंदनकियारी निवासी धरणीधर मांझी का नाम पेंशन योजना में सक्रिय रूप से दर्ज है तथा उन्हें मार्च 2026 तक पेंशन राशि का भुगतान भी किया गया है। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि उनकी मांग पूर्व अवधि के बकाया पेंशन भुगतान से संबंधित है। जिस पर उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि मामले की समीक्षा कर बकाया भुगतान संबंधी विषय पर भी शीघ्र निर्णय लेते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। धरणीधर मांझी का भौतिक सत्यापन क्रम में नाम कट जाने एवं बीडीओ चंदनकियारी द्वारा इसकी लिखित जानकारी देने के बाद नवंबर 2025 में ही उनका नाम पुनः पेंशन योजना से जोड़ दिया गया था।

हम आपको सुनते हैं, कार्यक्रम के माध्यम से समस्याओं का हो रहा समाधान
उपायुक्त ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर माननीय मुख्यमंत्री को दिए अपने रिप्लाई में कहा कि जिला से लेकर प्रखंड स्तर तक प्रत्येक सप्ताह मंगलवार एवं शुक्रवार को हम आपको सुनते हैं, कार्यक्रम के अंतर्गत लोक संवाद आयोजित किया जाता है। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान जिला एवं प्रखंड स्तर पर ही सुनिश्चित करना है, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को आमजन की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहते हुए त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया है।
