जमशेदपुर:
जमशेदपुर में सोनारी थानाक्षेत्र के कुम्हारपाड़ा में 40 वर्षीय महिला दुकानदार रूपा देवी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद मौके से मिले सुसाइड नोट में मृतका के मां न बन पाने के दुख को कारण बताया गया है। घटना की जानकारी मंगलवार सुबह परिजनों को तब मिली, जब कमरे में रूपा देवी का शव फंदे से लटकता पाया गया। आनन-फानन में परिजन उन्हें अस्पताल ले गये, जहां डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

सुसाइड नोट में लिखी निसंतान होने की बात
जानकारी के अनुसार, घटनास्थल से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसमें लिखा है कि उनकी मौत के लिए कोई जिम्मेदार नहीं है और निसंतान होने का दुख उन्हें अंदर से तोड़ रहा था। हालांकि, पुलिस इस नोट की सत्यता की जांच कर रही है। हैंडराइटिंग मिलान सहित अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि नोट महिला ने ही लिखा है या नहीं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असल वजह और परिस्थिति स्पष्ट होगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

मानसिक तनाव में थीं महिला
परिजनों के मुताबिक रूपा देवी की शादी वर्ष 2003 में हुई थी, लेकिन उसे कोई संतान नहीं थी, जिससे वह मानसिक तनाव में रहती थीं। खुद को व्यस्त रखने के लिए वह सोनारी बाजार में कपड़ों की दुकान चलाती थीं, लेकिन अंदर ही अंदर अकेलेपन और तनाव से जूझ रही थीं।
शादी के माहौल में पसरा मातम
बताया जा रहा है कि घटना के समय घर में मृतका के पति अजय वर्मा के चचेरे भाई की शादी की तैयारियां भी चल रही थीं। इस दुखद घटना के बाद परिवार में मातम पसर गया है।