logo

पत्नी ने पति को हनीट्रैप में फंसाकर मरवा दिया, 10 लाख में किया जान का सौदा; गुनाह में पिता भी शामिल

पत्नी ने पति को हनीट्रैप में फंसाकर मरवा दिया, 10 लाख में किया जान का सौदा; गुनाह में पिता भी शामिल

पलामू:

महिला ने 10 लाख रुपये की सुपारी देकर पति की हत्या करवा दी। हत्याकांड में महिला का साथ उसके पिता ने दिया। हत्यारोपी महिला का तर्क है कि यदि वह पति को नहीं मारती, पति उसे जिंदा नहीं रहने देता। मामला पलामू जिला के लेस्लीगंज थानाक्षेत्र का है, जहां एक अज्ञात शव मिलने की घटना, खौफनाक हत्याकांड के रूप में सामने आई। मृतक का नाम पंकज उरांव है और हत्यारोपी अनिमा से उसकी शादी वर्ष 2023 में हुई थी। पुलिस ने पंकज उरांव हत्याकांड में मुख्य आरोपी अनिमा कुमारी और उसके पिता समेत कुल 7 लोगों को गिरफ्तार किया है और सभी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। दिलचस्प है कि पत्नी अनीमा ने पति पंकज कुमार को रास्ते से हटाने के लिए हनी ट्रैप का सहारा लिया। पंकज को जाल में फंसाने के लिए एक युवती से उसका अफेयर कराया गया। 

अनीमा ने पति की हत्या करने की वजह बताई है
पूछताछ में पुलिस को अनीमा ने बताया कि उसका पति उसे जान से मारने की धमकी देता था। महिला ने पति पर मारपीट का भी आरोप लगाया। बकौल अनीमा, पति की प्रताड़ना से तंग आकर उसने मायके वालों से मदद मांगी। अनीमा, पति को रास्ते से हटाना चाहती थी और पिता पंकज की हत्या की साजिश में शामिल हो गया। अनीमा ने पिता के साथ मिलकर हत्याकांड की पूरी पटकथा तैयार की। सुपारी देने के लिए 10 लाख रुपये की रकम पिता ने ही बेटी को दी। अनीमा औऱ उसके पिता ने 10 लाख रुपये की बड़ी रकम खामडीह की रहने वाली तेतरी देवी और पिंटू कुमार को दी। तेतरी देवी के बैंक खाते में अभी भी 08 लाख रुपये हैं। 

पंकज उरांव को हनीट्रैप में फंसाया गया था
अनीमा और उसके पिता ने पंकज की हत्या करने के लिए उसे हनीट्रैप में फंसाने का फैसला किया। रिंकी देवी नाम की महिला से पंकज का अफेयर कराया गया। लंबी बातचीत के बाद, पूर्व नियोजित साजिश के तहत रिंकी ने पंकज को मिलने के लिए सतबरवा बुलाया। रिंकी के साथ ये ब्लाइंड डेट, पंकज का डेथ वारंट बन गया। 

पंकज उरांव की हत्या करके जंगल में फेंका शव
सतबरवा बुलाने के बाद आरोपियों ने पंकज की हत्या कर दी और शव को एकता जंगल में ले जाकर फेंक दिया। बीते 23 सितंबर को पंकज की सड़ी-गली लाश पुलिस को मिली थी। पिता बिरजू उरांव ने शव की पहचान की थी। उन्होंने ही बहू अनीमा पर बेटे की हत्या का शंक जताया था। बिरजू उरांव से मिली शिकायत, तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने कड़ियां जोड़ना शुरू किया और आखिरकार एक खौफनाक हत्याकांड का खुलासा हुआ। यहां केवल एक इंसान की हत्या नहीं हुई थी, बल्कि रिश्तों और विश्वास का भी कत्ल हुआ था। 

पुलिस ने मृतक पंकज की पत्नी अनिमा कुमारी, पिता रामजनम उरांव, सुपारी किलर तेतरी देवी, पिंटू कुमार, जितेंद्र उरावं और दिलेश्वर सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस अभी यह पता लगाने में जुटी है कि गिरफ्तार आरोपियों में पंकज हत्याकांड में किसकी क्या भूमिका थी। 
 

Tags - Wife Killed HusbandPalamu Husband Murder CaseCrimePalamuJharkhand