द फॉलोअप डेस्क, रांची:
झारखंड के हजारीबाग में पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी। मृतक की पहचान वीरेंद्र कुमार के रूप में हुई है। मृतक की पत्नी संजू देवी का गांव के ही रंजन कुमार महतो से पिछले 2 साल से प्रेम संबंध चल रहा था। वीरेंद्र को इसकी जानकारी हो गई थी और वह इस अवैध संबंध का विरोध करता था। आरंभिक पूछताछ में संजू देवी ने पुलिस को बताया है कि पति की रोक-टोक से तंग आकर उसने प्रेमी के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने हत्यारोपी पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है।

प्रेम संबंधों में बाधा बनने पर हत्या कर दी
वारदात के संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक 15 अगस्त को सुबह करीब साढ़े 7 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि बोंगा गांव निवासी वीरेंद्र कुमार की हत्या उसकी पत्नी संजू देवी ने कर दी है। ईचाक थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और शव का पंचनामा करवाकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पुलिस ने मौके से ही मृतक की पत्नी संजू देवी को हिरासत में लिया। आरंभिक पूछताछ में संजू देवी ने बताया कि उसका अफेयर रंजन कुमार के साथ था। पुलिस ने जानकारी दी है कि संजू और रंजन के प्रेम संबंधों में वीरेंद्र बाधा बन रहा था। इस बात को लेकर दंपति में विवाद होता था।
पुलिस ने बताया कि 14 अगस्त की रात को रंजन कुमार को संजू देवी ने घर बुलाया और फिर दोनों ने मिलकर वीरेंद्र की गला दबाकर हत्या कर दी।
आरोपियों की निशानदेही पर सामान बरामद
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त काले रंग का गमछा, तकिया और पॉलिथिन बरामद किया है। पुलिस ने संजू देवी और रंजन कुमार महतो को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस ने रंजन कुमार महतो को करियातपुर गांव से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 2 स्मार्टफोन बरामद किया है।