द फॉलोअप डेस्क
चाईबासा में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भवन प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता अरुण कुमार सिंह को 70 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। एसीबी की यह कार्रवाई शनिवार को की गई, जिससे विभाग में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, कार्यपालक अभियंता पर किसी कार्य से संबंधित भुगतान या प्रक्रिया आगे बढ़ाने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप था। शिकायत की पुष्टि के बाद एसीबी ने जाल बिछाया और तय योजना के तहत आरोपी को रिश्वत लेते समय पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम आरोपी अभियंता को अपने साथ ले गई और आगे की पूछताछ शुरू कर दी है। एसीबी अधिकारियों के अनुसार पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जाएगी।
