logo

डंपिंग प्लांट की आड़ में चल रहा था अवैध बालू कारोबार, छह हाइवा जब्त

पगनो3.jpg

द फॉलोअप डेस्क
लोहरदगा जिले के सेन्हा थाना क्षेत्र में अवैध बालू कारोबार का बड़ा मामला सामने आया है। डंपिंग प्लांट की आड़ में संगठित तरीके से बालू का अवैध उत्खनन और परिवहन किया जा रहा था। पुलिस की छापेमारी में मौके से बालू लदे छह हाइवा वाहन जब्त किए गए हैं, जिससे अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। यह कार्रवाई भड़गांव–नंदगांव पथ पर स्थित बीटीआईपीएल डंपिंग प्लांट परिसर में की गई। बताया जा रहा है कि इस प्लांट को निर्माण सामग्री तैयार करने के लिए स्थापित बताया गया था, लेकिन इसकी आड़ में लंबे समय से बालू का अवैध भंडारण और रांची की ओर परिवहन किया जा रहा था। पुलिस कार्रवाई के बाद इस गोरखधंधे का खुलासा हुआ।

लोहरदगा के पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी को गुप्त सूचना मिली थी कि सेन्हा थाना अंतर्गत भड़गांव क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध बालू उत्खनन और ढुलाई हो रही है। सूचना की पुष्टि के बाद एसपी ने सेन्हा थाना प्रभारी नीरज झा को तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया। निर्देश के आलोक में पुलिस टीम ने छापेमारी कर मौके से छह हाइवा वाहन जब्त किए। जब्त वाहनों के रजिस्ट्रेशन नंबर जेएच 13जे 6362, जेएच 13जे 3825, जेएच 13जे 5141, जेएच 13जे 9876, जेएच 13जे 9290 एवं जेएच 13जे 8633 हैं, जिनमें अवैध रूप से बालू लदी हुई थी।

पुलिस ने वाहन चालकों से बालू से संबंधित वैध कागजात की मांग की, लेकिन कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका। इसके बाद सभी वाहनों को जब्त कर सेन्हा थाना परिसर में सुरक्षित रखा गया। मामले की जानकारी मिलने पर खनन निरीक्षक बसंत उरांव एवं सेन्हा अंचलाधिकारी पंकज कुमार भगत थाना पहुंचे और जब्त हाइवा वाहनों का सत्यापन किया। इस संबंध में सेन्हा थाना में कांड संख्या 28/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।