logo

भाजपा नेता नीरज सिंह ट्रांजिट रिमांड पर, आज जमशेदपुर लेकर पहुंचेगी पुलिस

लगीोर3.jpg

द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर के चर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड में राजस्थान के सीकर जिले से गिरफ्तार डीडी बार संचालक सह भाजपा नेता नीरज सिंह को पुलिस जमशेदपुर ला रही है। सोमवार को पुलिस ने नीरज को ट्रांजिट रिमांड पर ले लिया था। इसके बाद पुलिस टीम नीरज सिंह को अपने साथ लेकर जमशेदपुर के लिए रवाना हो गयी है। संभावना जतायी जा रही है कि पुलिस मंगलवार देर शाम तक नीरज सिंह को लेकर शहर पहुंचेगी। जानकारी के अनुसार, गिरफ्तारी के लिए जमशेदपुर पुलिस पहले दिल्ली पहुंची। इसके बाद सूचना मिलने पर टीम रातोंरात राजस्थान रवाना हुई। वहां स्थानीय पुलिस के सहयोग से नीरज सिंह से पूछताछ की गयी और उसे सोमवार को सीकर कोर्ट में पेश किया गया। वहीं, कोर्ट ने सुनवाई के बाद जमशेदपुर पुलिस को ट्रांजिट रिमांड की अनुमति दे दी। इसके बाद पुलिस टीम नीरज सिंह को लेकर जमशेदपुर के लिए रवाना हो चुकी हैं। 

जमशेदपुर लाया जा रहा नीरज सिंह को
सूत्रों के अनुसार, पुलिस नीरज सिंह को लेकर राजस्थान से सड़क मार्ग से दिल्ली पहुंची। फिर दिल्ली से रांची और जमशेदपुर लाया जा रहा है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, नीरज सिंह की गिरफ्तारी खाटूश्यामजी थाना क्षेत्र के एक रेस्टोरेंट से हुई, जहां वह बाबा श्याम के दर्शन के बाद भोजन करने रुका था। हालांकि कुछ रिपोर्ट्स में गिरफ्तारी स्थल खाटूश्यामजी धाम का पार्किंग स्थल भी बताया गया है, जहां उसकी गाड़ी खड़ी थी। सूत्रों के मुताबिक, जमशेदपुर पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नीरज सिंह गिरफ्तारी से बचने के लिए पहले कोलकाता गया था और वहां से हवाई मार्ग से राजस्थान पहुंचा था। फिर उसके फोन लोकेशन से पता चला कि वह खाटूश्यामजी क्षेत्र में मौजूद है। इसके बाद स्थानीय पुलिस को सूचना दी गयी। जिसके बाद खाटूश्यामजी थाना पुलिस ने मुंडा रोड स्थित होटलों में सघन तलाशी अभियान चलाया, जिसके दौरान उसे पकड़ा गया।


कोर्ट में पेशी के बाद ट्रांजिट रिमांड मंजूर
रविवार को गिरफ्तारी के बाद नीरज सिंह को स्थानीय थाने में रखा गया और फिर सोमवार सुबह सीकर कोर्ट में पेश किया गया। जमशेदपुर पुलिस ने ट्रांजिट रिमांड की अर्जी दाखिल की, जिसे कोर्ट ने मंजूरी दे दी। इधर, गिरफ्तारी की सूचना मिलने के बाद नीरज सिंह की पत्नी संध्या सिंह सहित उनके करीबी लोग राजस्थान पहुंचे। संध्या सिंह ने इस कार्रवाई को गलत बताते हुए कहा कि उनके पति और पूरे परिवार को अनावश्यक रूप से परेशान किया जा रहा है।


अग्रिम जमानत पर सुनवाई टली, 13 जुलाई को होगी अगली तारीख
दूसरी ओर डीडी बार संचालक नीरज सिंह की अग्रिम जमानत याचिका पर सोमवार को एडीजे-1 की अदालत में सुनवाई हुई। अदालत ने पुलिस से केस डायरी और निचली अदालत से रिपोर्ट तलब करते हुए अगली सुनवाई 13 जुलाई तय की है। इस दौरान बचाव पक्ष ने कहा कि गिरफ्तारी का आधिकारिक रिकॉर्ड अदालत में पेश नहीं किया गया है। वहीं लोक अभियोजक ने बताया कि नीरज सिंह राजस्थान में हिरासत में हैं और औपचारिक गिरफ्तारी की प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है। अदालत ने पुलिस को पांच दिनों में केस डायरी जमा करने का निर्देश दिया हैं।

Tags - Jamshedpur Crime HimanshuSingh NeerajSingh Jharkhand