हजारीबाग:
Hazaribagh News: झारखंड में करीब 10 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद आयोजित हो रही झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) को लेकर अभ्यर्थियों में खासा उत्साह है। परीक्षा में शामिल होने के लिए दूसरे राज्यों से भी बड़ी संख्या में परीक्षार्थी झारखंड पहुंच रहे हैं। इसी बीच हजारीबाग पुलिस की एक मानवीय पहल ने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा है। पुलिस ने दूसरे राज्य से आए अभ्यर्थियों की परेशानी को समझते हुए उनके ठहरने और रात गुजारने की समुचित व्यवस्था की।

रेलवे स्टेशन पर रात गुजारने की थी तैयारी
परीक्षा से ठीक एक दिन पहले उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से कुछ अभ्यर्थी हजारीबाग पहुंचे थे। लंबी दूरी तय कर आए इन अभ्यर्थियों के सामने सबसे बड़ी चुनौती परीक्षा से पहले रात में ठहरने की थी। आर्थिक और अन्य परेशानियों के कारण वे रेलवे स्टेशन पर ही रात गुजारने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान स्टेशन पर मौजूद अभ्यर्थियों पर हजारीबाग पुलिस की नजर पड़ी। पुलिसकर्मियों ने उनकी परेशानी को समझा और तत्काल मदद का फैसला लिया।

पुलिस लाइन में ठहरने और खाने-पीने की व्यवस्था
हजारीबाग पुलिस अभ्यर्थियों को अपने साथ पुलिस लाइन ले गई। यहां उनके ठहरने के लिए गद्दा, चादर, तकिया और कंबल की व्यवस्था की गई। इसके अलावा स्वच्छ शौचालय और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गईं। पुलिस का प्रयास था कि अभ्यर्थी बिना किसी परेशानी के रात गुजार सकें और अगले दिन पूरी तैयारी तथा मानसिक सुकून के साथ परीक्षा में शामिल हो सकें।
.jpeg)
अभ्यर्थियों ने पुलिस को कहा धन्यवाद
हजारीबाग पुलिस की इस पहल से अभ्यर्थी काफी भावुक और खुश नजर आए। प्रयागराज से आए एक अभ्यर्थी ने बताया कि वे लोग रेलवे स्टेशन पर ही रात बिताने की सोच रहे थे, लेकिन पुलिसकर्मियों की नजर उन पर पड़ गई और उनकी परेशानी दूर हो गई। उन्होंने कहा कि पुलिस लाइन में रहने, सोने, पानी और शौचालय की जिस तरह व्यवस्था की गई है, वह बेहद सराहनीय है। इसके लिए उन्होंने हजारीबाग पुलिस का हृदय से आभार जताया।
पुलिस की संवेदनशीलता ने दिया सकारात्मक संदेश
दरअसल, प्रतियोगी परीक्षाओं के दौरान दूसरे राज्यों और दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाले अभ्यर्थियों के सामने ठहरने की समस्या अक्सर सामने आती है। ऐसे में कई बार राजनीतिक दलों के युवा संगठनों और छात्र इकाइयों की ओर से भी अभ्यर्थियों की मदद की तस्वीरें सामने आती रही हैं। लेकिन इस बार हजारीबाग में जरूरत के समय पुलिस ने जिस संवेदनशीलता और तत्परता के साथ अभ्यर्थियों की मदद की, उसने एक सकारात्मक संदेश दिया है। पुलिस की इस पहल की सराहना हो रही है।