logo

हजारीबाग में मासूम बच्ची के साथ हुए दुष्कर्म और निर्मम हत्या पर कांग्रेस ने राज्य सरकार से तेज कार्रवाई की अपील की 

kamlesh4.jpg

द फॉलोअप डेस्क 

हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ प्रखंड में 12 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म एवं निर्मम हत्या की हृदयविदारक घटना ने पूरे राज्य को दुख और स्तब्धता में डाल दिया है। यह जघन्य अपराध मानवता के मूल्यों पर गहरा आघात है और समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय है। घटना के कई दिनों बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी न होना स्वाभाविक रूप से पीड़ित परिवार एवं स्थानीय लोगों में असुरक्षा और बेचैनी पैदा कर रहा है। इस स्थिति को देखते हुए झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने इस मामले में गंभीर चिंता व्यक्त की है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि राज्य की हर बेटी की सुरक्षा हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। विष्णुगढ़ की यह घटना अत्यंत पीड़ादायक है। हमें भरोसा है कि राज्य सरकार इस मामले को प्राथमिकता के साथ लेते हुए जल्द से जल्द दोषियों को कानून के दायरे में लाएगी। कांग्रेस पार्टी इस पूरे मामले में सरकार के साथ रचनात्मक सहयोग करेगी।

प्रदेश कांग्रेस ने सरकार से अपील किया है कि घटना में शामिल सभी दोषियों की शीघ्र पहचान कर त्वरित गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए, जांच में जिला प्रशासन तेजी लाएं, मामले की निष्पक्ष एवं तेज जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) गठन पर विचार किया जाए, पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता, मनोवैज्ञानिक सहयोग तथा सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए, न्याय की प्रक्रिया को तेज करने हेतु फास्ट-ट्रैक कोर्ट में सुनवाई की व्यवस्था की जाए। बच्चियों एवं महिलाओं की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए नीतिगत कदमों की समीक्षा एवं सुदृढ़ीकरण पर जोर दिया जाए। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि समाज में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सभी राजनीतिक दलों, प्रशासन और समाज को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने पीड़ित परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और न्याय सुनिश्चित होने तक हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।

Tags - Hazaribagh Vishnugarh Block minor girl rape brutal murder tragic incident Jharkhand state Congress criticism Keshav Mahto Kamlesh child safety societal concern delayed arrest