द फॉलोअप डेस्क
गुमला जिले में उपभोक्ताओं की सुविधा और घरेलू एलपीजी गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए उपायुक्त के निर्देशानुसार शुक्रवार को जिला आपूर्ति पदाधिकारी, गुमला की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक Google Meet के माध्यम से संपन्न हुई और इसमें अनुमंडल पदाधिकारी गुमला, बसिया और चैनपुर, BPCL, HPCL और IOCL के प्रबंधक, सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी तथा जिले के सभी घरेलू गैस वितरक उपस्थित रहे। बैठक में जिले में एलपीजी उपभोक्ताओं की संख्या और वितरण व्यवस्था की समीक्षा की गई। BPCL के 41,739, HPCL के 16,500 और IOCL के 1,32,903 उपभोक्ताओं के डेटा को साझा किया गया। वर्तमान में प्रतिदिन लगभग 2,300-2,400 सिलेंडर वितरण किए जा रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि हाल के दिनों में अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और अमेरिका-ईरान के बीच तनाव की खबरों के कारण कुछ उपभोक्ताओं ने अधिक मात्रा में गैस बुकिंग की थी, जिससे सर्वर में तकनीकी समस्या उत्पन्न हो गई थी। इस समस्या का समाधान कर लिया गया है और 14 मार्च 2026 से उपभोक्ता पूर्ववत आसानी से गैस बुकिंग कर सकेंगे। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है, इसलिए उपभोक्ताओं को अनावश्यक चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।
बैठक में यह भी बताया गया कि गैस बुकिंग UPI, PhonePe, Google Pay सहित अन्य डिजिटल माध्यमों से आसानी से की जा सकती है। शहरी क्षेत्रों के उपभोक्ता 25 दिनों के बाद और ग्रामीण क्षेत्रों के उपभोक्ता 45 दिनों के बाद पुनः गैस बुकिंग कर सकते हैं। यदि किसी उपभोक्ता को निर्धारित अवधि से पहले गैस की आवश्यकता होती है, तो वे अपने नजदीकी गैस एजेंसी से 5 किलोग्राम का छोटा सिलेंडर प्राप्त कर सकते हैं। जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने गैस एजेंसियों और डीलरों को निर्देश दिया कि किसी भी स्थिति में गैस की कालाबाजारी नहीं होने दी जाएगी। यदि किसी स्थान से शिकायत प्राप्त होती है, तो संबंधित डीलर या व्यक्ति के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। अनुमंडल पदाधिकारी, बसिया ने सुझाव दिया कि गैस से संबंधित किसी भी समस्या की सूचना तुरंत प्रशासन को दी जाए, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके। शेरावाली गैस एजेंसी, गुमला ने बैठक में प्रस्ताव रखा कि गैस बुकिंग और वितरण केंद्रों के आसपास पुलिस गश्ती बढ़ाने से उपभोक्ताओं में अनावश्यक घबराहट नहीं होगी और व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित होगी। जिला प्रशासन ने सभी उपभोक्ताओं से अपील की कि गैस की पर्याप्त उपलब्धता है, अतः केवल आवश्यकतानुसार ही बुकिंग करें और अफवाहों पर ध्यान न दें।
