द फॉलोअप डेस्क
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार योगदा सत्संग आश्रम रांची पहुंचे, जहां उन्होंने आश्रम परिसर का अवलोकन किया। इस दौरान वे उस कक्ष में भी गए, जहां स्वामी परमहंस योगानंद जी निवास किया करते थे। राज्यपाल ने स्मृति मंदिर में जाकर ध्यान-साधना की और आध्यात्मिक शांति का अनुभव किया। आश्रम भ्रमण के क्रम में वरिष्ठ स्वामी ईश्वरानन्द गिरी जी ने राज्यपाल को योगदा सत्संग आश्रम की आध्यात्मिक, शैक्षणिक एवं सामाजिक गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने आश्रम की गुरु-शिष्य परंपरा तथा योगदा सत्संग परंपरा के माध्यम से आत्म-विकास, चरित्र निर्माण और मानव कल्याण के लिए किए जा रहे प्रयासों से राज्यपाल को अवगत कराया। इस अवसर पर स्वामी ईश्वरानन्द गिरी जी द्वारा राज्यपाल को ‘योगी कथामृत’, ‘ईश्वर-अर्जुन संवाद (श्रीमद्भगवद्गीता)’, ‘आत्म-साक्षात्कार की यात्रा’ सहित अन्य महत्वपूर्ण आध्यात्मिक ग्रंथ एवं योगदा सत्संग सोसाइटी द्वारा प्रकाशित कैलेंडर भेंट किए गए। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि वे लंबे समय से योगदा सत्संग आश्रम आना चाहते थे, जो आज पूर्ण हुआ। उन्होंने आश्रम द्वारा समाज में आध्यात्मिक चेतना के प्रसार और मानव कल्याण के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
