logo

गोड्डा में मौत का तांडव, सड़क हादसा, ट्रैक्टर की टक्कर और तालाब में डूबने से 5 की मौत

hblkseth.jpg

द फॉलोअप डेस्क
गोड्डा जिला में मंगलवार और बीती रात हुए अलग-अलग हादसों ने पूरे इलाके को दहला दिया। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में हुई तीन घटनाओं में कुल 5 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 3 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। इन घटनाओं के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। बलबड्डा थाना क्षेत्र अंतर्गत घोरीचक चौक के पास मंगलवार को बस और बाइक के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार 18 वर्षीय जुली कुमारी (पिता- उपेंद्र गोस्वामी) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पंकज कुमार सिंह के निर्देश पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मेहरमा भेजा गया। वहां डॉ. प्रणव राज ने जुली कुमारी को मृत घोषित कर दिया। हादसे में घायल प्रिया कुमारी (4 वर्ष), प्रीति कुमारी (5 वर्ष) और सोनू कुमार (18 वर्ष) का प्राथमिक उपचार कर बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, गोड्डा रेफर किया गया है। सभी पीड़ित भागलपुर जिला के ईशीपुर गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सहारपुरा गांव में बीती रात एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आने से दो सगे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई। ट्रैक्टर में बालू लदा हुआ था। मृतकों की पहचान कजरा गांव निवासी निरंजन मंडल और संजय मंडल के रूप में हुई है। दोनों भाई प्रतिदिन की तरह मजदूरी कर सुंदर डैम से अपने घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में अवैध बालू का कारोबार धड़ल्ले से चल रहा है, जिससे तेज रफ्तार ट्रैक्टर सड़कों पर बेखौफ दौड़ते हैं और लगातार हादसे हो रहे हैं। इस मामले में थाना प्रभारी आनंद साहा ने बताया कि ट्रैक्टर बालू चालान के साथ लोड था। पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इसी बीच मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बंका गांव में एक दर्दनाक हादसे में तालाब में डूबने से दो सगे भाइयों की मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब 12 वर्षीय विशाल कुमार और 10 वर्षीय नित्यम कुमार स्कूल से लौटने के बाद खेलने के लिए घर से निकले थे। देर शाम तक जब दोनों घर नहीं लौटे, तो परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की। ग्रामीणों की मदद से तलाश की गई, लेकिन कोई पता नहीं चल पाया। बाद में गांव के एक व्यक्ति ने जानकारी दी कि दोनों बच्चों को तालाब के किनारे देखा गया था। इसके बाद ग्रामीण तालाब के पास पहुंचे, जहां एक बच्चा पानी में तैरता हुआ मिला। तालाब की तलाशी लेने पर दूसरे बच्चे का शव भी बरामद किया गया। मृतक विशाल और नित्यम, दिनेश कुमार पंडित के पुत्र थे। दिनेश पंडित गांव-गांव ठेले पर झालमुड़ी और चाट बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उनके परिवार में दो बेटे और एक बेटी थी। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।

 

Tags - Godda accident news Jharkhand accident today Tractor accident Jharkhand Drowning incident Jharkhand Girl killed in road accident Godda Two brothers killed by tractor Children drowned in pond Jharkhand Illegal sand mining Jharkhand accident