गिरिडीह
गिरिडीह से एक दुखद घटना सामने आई है। जिले के हीरोडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत महारायडीह गांव में एक शादी समारोह के दौरान बड़ा हादसा हो गया। हादसे में बराती और लड़की पक्ष के करीब 40 लोग घायल हो गए, जबकि छह लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, महारायडीह निवासी शमशेर आलम की बेटी की शादी थी और बारात धोतो गांव से आई थी।

समधी मिलन से पहले हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि समधी मिलन की रस्म से ठीक पहले घर का छज्जा अचानक भरभराकर गिर पड़ा। उस समय वहां बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे, जिसके कारण कई लोग मलबे की चपेट में आ गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और शादी की खुशियां पल भर में चीख-पुकार में बदल गईं। स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।

छह गंभीर घायलों को रांची रेफर
घायलों में से छह लोगों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया है। वहीं अन्य घायलों का इलाज गिरिडीह, धनबाद और आसपास के निजी अस्पतालों में चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही हीरोडीह थाना पुलिस और देवरी अंचल अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा मामले की जांच शुरू कर दी। प्रशासन हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटा हुआ है।