logo

गिरिडीह रजिस्ट्रार ऑफिस बना रणक्षेत्र, जमीन विवाद में दो पक्षों के बीच मारपीट; VIDEO वायरल

otp.jpg

द फॉलोअप डेस्क
गिरिडीह के रजिस्ट्रार ऑफिस परिसर में मंगलवार को जमीन विवाद को लेकर जमकर बवाल हुआ। जमीन की खरीद-बिक्री और मालिकाना हक को लेकर दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट और धक्का-मुक्की में बदल गया। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों पक्ष एक-दूसरे पर हमला करते और हंगामा करते नजर आ रहे हैं।


रजिस्ट्रेशन कराने पहुंचे थे, विवाद ने लिया हिंसक रूप
जानकारी के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच जमीन को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। मंगलवार को जब दोनों पक्ष रजिस्ट्रेशन कार्यालय पहुंचे तो कहासुनी शुरू हो गई। कुछ ही देर में विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के लोग आपस में भिड़ गए और जमकर मारपीट होने लगी। घटना के दौरान कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मारपीट और हंगामे के बीच मौके पर मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को अलग किया। काफी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रित किया जा सका। घटना के कारण कुछ समय के लिए कार्यालय का माहौल पूरी तरह तनावपूर्ण बना रहा और वहां मौजूद लोग दहशत में इधर-उधर भागते नजर आए।


वायरल वीडियो के बाद उठे सवाल
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रजिस्टर ऑफिस की सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक निगरानी को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जमीन संबंधी मामलों को लेकर कार्यालय परिसर में अक्सर तनाव की स्थिति बनी रहती है। हालांकि इस मामले में अब तक पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।


 

Tags - Giridih Land Dispute Viral Video Jharkhand Breaking News