logo

गिरिडीह में शादी से पहले दुल्हन की मौत, बॉयफ़्रेंड ने शव से रचाया ब्याह; फिर दी मुखाग्नि

SHADI_IMAGE.jpg

गिरिडीह
शादी की शहनाइयां बजने से पहले ही एक घर में मातम पसर गया, लेकिन इसके बाद जो हुआ उसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। बेंगाबाद थाना क्षेत्र के रंगामाटी गांव में शादी से ठीक पहले होने वाली दुल्हन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इसके बाद होने वाले दूल्हे ने मृतका की मांग में सिंदूर भरकर शादी की रस्में पूरी कीं और खुद ही उसकी चिता को मुखाग्नि भी दी। हालांकि, इस भावुक कर देने वाले घटनाक्रम के तुरंत बाद पुलिस ने दूल्हे को हत्या और अपहरण के आरोप में चिता के पास से ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। लड़की के पिता का आरोप है कि उनकी बेटी को चार महीने पहले अगवा किया गया था और शुक्रवार को ससुराल वालों ने उसके साथ मारपीट कर जहर देकर उसकी हत्या कर दी। 
शादी का झांसा देकर हत्या, चार पर केस
मृतका के पिता अनूप हांसदा के फर्दबयान पर बेंगाबाद थाना में ससुराल वालों के खिलाफ अपहरण और हत्या का मामला दर्ज किया गया है। इसमें होने वाले पति मनीष मुर्मू, ससुर मनोज मुर्मू, सास लीलमुनि मरांडी और देवर राकेश मुर्मू को नामजद आरोपी बनाया गया है। मृतका के पिता ने गिरिडीह नगर पुलिस के सामने दिए अपने बयान में कहा है कि रंगामाटी के मनीष मुर्मू ने चार महीने पहले उनकी बेटी बहामुनि हांसदा को शादी की नीयत से बहला-फुसलाकर देवरी थाना क्षेत्र के बुढ़ियासारे गांव से अगवा कर लिया था। अपहरण के बाद लड़की को रंगामाटी में रखा गया था। लड़का पक्ष ने दोनों की शादी कराने का भरोसा दिया था, इसलिए उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस से नहीं की थी और वे लोग दोनों की शादी होने का इंतजार कर रहे थे। पिता ने आरोप लगाया कि इसी बीच शुक्रवार की सुबह ससुराल वालों ने लड़की के साथ मारपीट की और उसे जहर खिलाकर उसकी हत्या कर दी।
 

Tags - Giridih Crime Jharkhand News Marriage Tragedy Crime News Arrest At Funeral