चंदन/गढ़वा
झारखंड के गढ़वा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक मामूली विवाद ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। धुरकी थाना क्षेत्र के सोनडीहा गांव में बारात के दौरान चश्मा पहनाने को लेकर शुरू हुए विवाद में 27 वर्षीय युवक मुकेश यादव की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। जानकारी के अनुसार, 27 अप्रैल को धर्मन यादव के घर से बारात डंडई थाना क्षेत्र के रा रो गांव गई थी। नाश्ता के बाद जलमासा में दूल्हे दीपक यादव के पास रिश्तेदारों की भीड़ लगी थी। इसी दौरान दूल्हे के रिश्ते में मामा रविंद्र यादव उसे जबरन चश्मा पहनाने की कोशिश कर रहे थे, जबकि दूल्हा इससे इंकार कर रहा था।

कहासुनी के बाद बढ़ा झगड़ा
मौके पर मौजूद सोनडीहा निवासी मुकेश यादव ने जब इस पर आपत्ति जताई तो रविंद्र यादव से उसकी कहासुनी हो गई। लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया, लेकिन कुछ देर बाद आरोपी ने मुकेश को अकेला पाकर उस पर हमला कर दिया। देखते ही देखते जलमासा स्थल रणक्षेत्र में बदल गया।

अस्पताल ले जाते समय हुई मौत
आरोपी ने मुकेश की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों की मदद से उसे डंडई अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद बारात में अफरा-तफरी मच गई और गांव में मातम छा गया।
.jpeg)
पुलिस जांच में जुटी, आरोपी की तलाश
मृतक के परिजनों ने धुरकी थाना में रविंद्र यादव के खिलाफ हत्या की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा भेज दिया है। थाना प्रभारी जनार्दन राऊत ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।