द फॉलोअप डेस्क
गढ़वा जिले के रमकंडा इलाके में रविवार की देर रात तेज आंधी और बारिश के साथ वज्रपात हुआ। इसके चलते कई जगहों पर नुकसान हुआ। चेटे गांव में खपरैल के आधा दर्जन घर आंशिक रूप से टूट गए और कई पेड़ गिर गए। बिजली के तार टूटने से बिजली व्यवस्था भी प्रभावित हो गई। पटसर के टोला पत्थलगढ़वा में वज्रपात के दौरान उपेंद्र भुईयां के दो भैंसों की मौत हो गई। परिवार को इससे काफी आर्थिक नुकसान हुआ। कुरुमदारी गांव में तेज हवा के कारण बिजली का खंभा गिर गया, जिससे पूरे गांव की बिजली आपूर्ति ठप हो गई और ग्रामीणों को रात अंधेरे में बितानी पड़ी।

घटना में मुनि भुइयां, शंभू बैठा, प्रताप रजक और सुरेश भुईयां के घरों को भी आंशिक नुकसान पहुंचा। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को जल्द मुआवजा देने और कुरुमदारी गांव में बिजली व्यवस्था जल्द बहाल करने की मांग की है। विधायक प्रतिनिधि ज्ञानरंजन पांडेय ने बताया कि घटना की जानकारी मिल चुकी है और पीड़ितों को हर संभव मदद और मुआवजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।